मध्य प्रदेश भोपाल के गांव में महिला और दो बच्चों की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत

मध्य प्रदेश भोपाल के गांव में महिला और दो बच्चों की जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत
मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बाहरी इलाके में घरेलू विवाद के बाद कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन करने से 37 वर्षीय महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी।

भोपाल, 22 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के बाहरी इलाके में घरेलू विवाद के बाद कथित तौर पर जहरीले पदार्थ का सेवन करने से 37 वर्षीय महिला और उसके दो बच्चों की मौत हो गई। पुलिस ने रविवार को इसकी जानकारी दी।

घटना शनिवार को भोपाल के ईंटखेड़ी थाना क्षेत्र के अरवलिया गांव में हुई। मृतकों की पहचान रुकसाना (37), उनकी बेटी रुकईया (12) और बेटे फैजल (8) के रूप में हुई है। तीनों ने शनिवार रात अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

भोपाल ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक (एसपी) पंकज पांडेय के अनुसार, घटना से पहले रुकसाना का अपनी देवरानी के साथ घरेलू सामान को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद घर लौटने पर पति के साथ भी उनकी कहासुनी हुई।

एसपी पंकज पांडेय ने बताया कि रुकसाना शनिवार सुबह अपनी देवरानी के घर कुछ घरेलू सामान मांगने गई थीं। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। घर लौटने के बाद इसी मुद्दे पर पति के साथ भी उनकी तीखी बहस हुई।

पुलिस के मुताबिक, रुकसाना के पति फईम खान गांव में पंचर बनाने की दुकान चलाते हैं। उनके छोटे भाई का परिवार उनके घर के पास ही रहता है। विवाद के बाद फईम अपनी दुकान पर चले गए। इसके बाद रुकसाना बच्चों के स्कूल पहुंचीं और निर्धारित छुट्टी से पहले ही उन्हें घर ले आईं।

एसपी के अनुसार, घर पहुंचने के बाद महिला ने कथित तौर पर घर के दोनों दरवाजे अंदर से बंद कर लिए और जहरीले पदार्थ का सेवन किया। आरोप है कि उन्होंने बच्चों को भी जहरीला पदार्थ खिलाया।

शनिवार शाम तीनों की हालत बिगड़ने पर परिजन घबरा गए। पड़ोसियों की मदद से उन्हें गंभीर हालत में हमीदिया अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान शनिवार रात तीनों की मौत हो गई।

पुलिस ने बताया कि रविवार को तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा। मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए पुलिस विभिन्न पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story