रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ की पहल पर रांची में शुरू होगा ‘फैटी लिवर मुक्त अभियान’, 23 नवंबर को होगा उद्घाटन

रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ की पहल पर रांची में शुरू होगा ‘फैटी लिवर मुक्त अभियान’, 23 नवंबर को होगा उद्घाटन
रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर फैटी लिवर की बढ़ती समस्या से निपटने और लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए ‘फैटी लिवर मुक्त रांची अभियान’ चलाने की तैयारी है। अभियान की शुरुआत 23 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे रांची के सीसीएल सभागार में होगी। संजय सेठ ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी।

रांची, 22 नवंबर (आईएएनएस)। रक्षा राज्य मंत्री और रांची के सांसद संजय सेठ की पहल पर फैटी लिवर की बढ़ती समस्या से निपटने और लोगों को इस बीमारी के प्रति जागरूक करने के लिए ‘फैटी लिवर मुक्त रांची अभियान’ चलाने की तैयारी है। अभियान की शुरुआत 23 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे रांची के सीसीएल सभागार में होगी। संजय सेठ ने रविवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अभियान की रूपरेखा और इसके उद्देश्यों की जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि यह अभियान प्रख्यात लिवर रोग विशेषज्ञ और इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (आईएलबीएस) के निदेशक पद्मभूषण डॉ एसके सरीन के मार्गदर्शन में चलाया जाएगा। इसमें आईएलबीएस और सदर अस्पताल रांची का सहयोग रहेगा। संजय सेठ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के साथ स्वस्थ और निरोगी राष्ट्र बनाने के संकल्प से प्रेरित होकर यह पहल की जा रही है। इसका उद्देश्य फैटी लिवर जैसी गंभीर होती स्वास्थ्य समस्या की समय पर पहचान, रोकथाम और उपचार के प्रति लोगों को जागरूक करना है।

अभियान के उद्घाटन के मौके पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया, डॉ. एस.के. सरीन और राज्यसभा सांसद एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य प्रसाद साहू की मौजूदगी प्रस्तावित है। अभियान की रूपरेखा के मुताबिक, रांची जिले और आसपास के क्षेत्रों में 18 प्रखंड एवं अनुमंडल स्तरीय क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे। इसके साथ ही एक हजार स्वास्थ्यकर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के लिए 500 स्थानों पर मोबाइल वैन भेजने की योजना है।

इन माध्यमों से व्यापक स्तर पर जांच और जागरूकता गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इस अभियान में युवाओं की भागीदारी पर भी विशेष जोर दिया गया है। इसके तहत करीब 40 कॉलेजों के 50 हजार विद्यार्थियों और लगभग 60 स्कूलों के 50 हजार विद्यार्थियों को जोड़ने का लक्ष्य है। संजय सेठ ने कहा कि युवाओं और विद्यार्थियों को जागरूक करने से स्वास्थ्य संबंधी संदेश परिवारों और समाज के व्यापक हिस्से तक पहुंचाया जा सकेगा।

परियोजना की प्रत्येक तीन महीने में समीक्षा की जाएगी। इससे निर्धारित लक्ष्यों की प्रगति का आकलन करने के साथ जरूरत के अनुसार कार्यक्रम में सुधार किया जा सकेगा। अभियान को केवल बीमारी के इलाज तक सीमित नहीं रखा गया है। इसके तहत बचाव, शुरुआती पहचान और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।

--आईएएनएस

एसएनसी/पीएम

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story