संजय राउत के बयान पर भड़के तुहिन सिन्हा, बोले- भाजपा को किसी को मनाने की जरूरत नहीं

संजय राउत के बयान पर भड़के तुहिन सिन्हा, बोले- भाजपा को किसी को मनाने की जरूरत नहीं
संसद के आगामी सत्र में परिसीमन विधेयक को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा और हैदराबाद से भाजपा प्रवक्ता टी.आर. श्रीनिवास ने संजय राउत के दावों को पूरी तरह निराधार, बेबुनियाद और तथ्यहीन बताया है।

मुंबई, 22 नवंबर (आईएएनएस)। संसद के आगामी सत्र में परिसीमन विधेयक को लेकर शिवसेना (यूबीटी) सांसद संजय राउत के आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता तुहिन सिन्हा और हैदराबाद से भाजपा प्रवक्ता टी.आर. श्रीनिवास ने संजय राउत के दावों को पूरी तरह निराधार, बेबुनियाद और तथ्यहीन बताया है।

संजय राउत ने आरोप लगाया था कि परिसीमन विधेयक का समर्थन करने के लिए सांसदों को करीब 150 करोड़ रुपये की पेशकश की गई है। इस आरोप पर पलटवार करते हुए तुहिन सिन्हा ने कहा कि संजय राउत बकवास करते हैं। वे हर रोज कुछ न कुछ अनर्गल बातें करते हैं और इस बार भी उन्होंने अनर्गल बात ही कही है।

तुहिन सिन्हा ने कहा कि परिसीमन के लिए भाजपा को किसी को मनाने की जरूरत नहीं है। अगर कोई अपनी अंतरात्मा की आवाज सुने, तो वह इस बिल का समर्थन करेगा। उन्होंने कहा कि संजय राउत जिस पार्टी से आते हैं, उसकी अंतरात्मा की आवाज मर चुकी है। इसीलिए वे युवाओं को राजनीति में आने से रोकना चाहते हैं और महिलाओं को राजनीति में आने से बाधित करना चाहते हैं।

उन्होंने कहा, "जब लोकसभा की सीटों में इजाफा होगा, तो कितनी बड़ी संख्या में ऐसे युवा राजनीति में आएंगे, जिनका राजनीति से कोई संबंध नहीं है और जो राजनीतिक परिवार से नहीं आते हैं। इसी तरह कितनी बड़ी संख्या में ऐसी महिलाएं राजनीति में आएंगी, जो राजनीतिक परिवार से नहीं आती हैं। ये सभी लोग देश की विकास यात्रा और ग्रोथ स्टोरी में शामिल होंगे।"

तुहिन सिन्हा ने कहा कि यह बात वंशवादी पार्टियों को समझ में नहीं आती है और यह बात उन्हें बर्दाश्त भी नहीं होती है। संजय राउत अगर ऐसा कह रहे हैं, तो यह उद्धव ठाकरे की ही सोच होगी। उन्होंने कहा कि भाजपा को किसी को प्रलोभन देने की जरूरत नहीं है। हर व्यक्ति जो अपनी अंतरात्मा की आवाज़ पर विश्वास करता है, वह परिसीमन और महिला आरक्षण का समर्थन कर रहा है। आने वाले समय में बड़े बहुमत के साथ ये विधेयक संसद में पास होने वाले हैं।

वहीं हैदराबाद में भाजपा प्रवक्ता टीआर श्रीनिवास ने भी संजय राउत के आरोपों को खारिज किया। उन्होंने कहा कि संजय राउत हमेशा बिना किसी सबूत और बिना किसी तथ्य के आरोप लगाते रहते हैं। उन्हीं के रवैये और बेहद खराब बयानों की वजह से महा विकास आघाड़ी, महाविनाश आघाड़ी बन गई और शिवसेना में फूट पड़ गई। उन्होंने कहा कि संजय राउत अभी भी अपनी गलतियों से कोई सबक नहीं सीख रहे हैं और जिस तरह से वे फर्जी खबरें फैलाते हैं, वह वाकई हास्यास्पद है।

उन्होंने कहा, "संजय राउत शिवसेना के मणिशंकर अय्यर हैं। उनके ऐसे बयानों को बहुत गंभीरता से नहीं लेना चाहिए, ये बस बेतुकी बातें हैं। वे अपनी हरकतों में सुधार लाएं और फर्जी खबरें फैलाना बंद करें।"

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story