वाईएसआरसीपी ने मेगा डीएससी भर्ती में गड़बड़ी का आरोप लगाया

वाईएसआरसीपी ने मेगा डीएससी भर्ती में गड़बड़ी का आरोप लगाया
वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद और संसदीय दल के नेता वाई.वी. सुब्बा रेड्डी तथा तिरुपति के सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति ने गुरुवार को संसद के दोनों सदनों में प्रस्ताव पेश किए। इन प्रस्तावों के जरिए आंध्र प्रदेश में 16,000 से अधिक शिक्षक पदों के लिए चल रही 'मेगा डिस्ट्रिक्ट सिलेक्शन कमिटी-2025' भर्ती प्रक्रिया पर तुरंत चर्चा कराने की मांग की गई है।

नई दिल्ली, 23 जुलाई (आईएएनएस)। वाईएसआर कांग्रेस पार्टी के राज्यसभा सांसद और संसदीय दल के नेता वाई.वी. सुब्बा रेड्डी तथा तिरुपति के सांसद मड्डिला गुरुमूर्ति ने गुरुवार को संसद के दोनों सदनों में प्रस्ताव पेश किए। इन प्रस्तावों के जरिए आंध्र प्रदेश में 16,000 से अधिक शिक्षक पदों के लिए चल रही 'मेगा डिस्ट्रिक्ट सिलेक्शन कमिटी-2025' भर्ती प्रक्रिया पर तुरंत चर्चा कराने की मांग की गई है।

गुरुमूर्ति ने लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव पेश किया, जबकि वाई.वी. सुब्बा रेड्डी ने राज्यसभा में नियम 267 के तहत नोटिस दिया। उन्होंने कहा कि कथित अनियमितताओं के कारण 3.5 लाख से अधिक शिक्षक उम्मीदवारों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।

राज्यसभा में दिए गए नोटिस में वाई.वी. सुब्बा रेड्डी ने कहा कि संसद ने 22.79 लाख से अधिक नीट उम्मीदवारों को प्रभावित करने वाले मुद्दों पर चर्चा की है। इसी तरह आंध्र प्रदेश में मेगा डीएससी भर्ती से जुड़े 3.5 लाख उम्मीदवारों की चिंताओं पर भी राष्ट्रीय स्तर पर तुरंत ध्यान दिया जाना चाहिए।

उन्होंने कहा कि यह मामला शिक्षित बेरोजगार युवाओं के भविष्य, सरकारी संस्थानों की विश्वसनीयता और सरकारी नौकरियों में समान अवसर से जुड़ा हुआ है।

पार्टी की एक विज्ञप्ति के मुताबिक, सांसदों ने भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं, पारदर्शिता की कमी और हेरफेर जैसे मुद्दे उठाए। इनमें आउटसोर्स कर्मचारियों से गोपनीय काम कराना, मेरिट और रोस्टर सूची जारी नहीं करना, प्रमाणपत्र सत्यापन के बाद उम्मीदवारों को बाहर करना, खेल कोटा नीति में बदलाव, पेपर लीक की आशंका और पैसे लेकर भर्ती करने के आरोप शामिल हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार से समय-सीमा के भीतर स्वतंत्र जांच कराने, डिजिटल सबूतों को सुरक्षित रखने, वास्तविक उम्मीदवारों की सुरक्षा करने और सरकारी भर्ती परीक्षाओं में निष्पक्षता व पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए जरूरी सुधार करने की मांग की।

पिछले महीने, पूर्व मुख्यमंत्री और वायएसआरसीपी अध्यक्ष वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी ने मेगा डीएससी परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया में कथित बड़े पैमाने पर हुई अनियमितताओं की केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) से जांच कराने की मांग की थी।

उन्होंने दावा किया कि शिक्षकों की भर्ती के लिए आयोजित मेगा डीएससी से जुड़े सामने आ रहे तथ्य बेहद चौंकाने वाले हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू की सरकार ने कथित घोटालों के जरिए लाखों उम्मीदवारों के भरोसे को तोड़ा है और योग्य उम्मीदवारों के भविष्य को नुकसान पहुंचाया है।

पूर्व मुख्यमंत्री ने दावा किया कि इतनी खराब भर्ती प्रक्रिया इससे पहले कभी कहीं देखने को नहीं मिली।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   23 July 2026 1:51 PM IST

Tags

Next Story