जेलेंस्की ने दिया ऊर्जा युद्धविराम का प्रस्ताव, ट्रंप ने कर दी एनर्जी सीजफायर की घोषणा
वाशिंगटन, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने रविवार को मध्य पूर्व में युद्ध और होर्मुज स्ट्रेट के अवरुद्ध होने को ईंधन की कीमतों में बढ़ोतरी के लिए जिम्मेदार ठहराया और इसे यूक्रेन से जोड़ने के वाशिंगटन के प्रयासों को खारिज कर दिया। इसके कुछ ही देर बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कीव और मॉस्को के बीच 'एनर्जी सीजफायर' की घोषणा कर दी।
एबीसी के कार्यक्रम 'दिस वीक' को दिए गए एक साक्षात्कार में वोलोदिमिर जेलेंस्की से पूछा गया कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और अरबपति एलन मस्क उन्हें रूस-यूक्रेन युद्ध जारी रहने के लिए जिम्मेदार क्यों ठहरा रहे हैं।
इस पर जेलेंस्की ने कहा, "क्योंकि ये लोग पुतिन को रोकने का तरीका नहीं ढूंढ पा रहे हैं। क्योंकि पुतिन को रोकना दूसरों पर दबाव डालने से ज्यादा मुश्किल है, क्योंकि कीमतों के बारे में बात करना और इसे यूक्रेन से जोड़ना ज्यादा आसान है।"
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा, "मध्य पूर्व में युद्ध के कारण होर्मुज के अवरुद्ध होने के कारण कीमतें बढ़ रही हैं। हर कोई इसे समझता है।"
अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने यूक्रेन पर रूसी रिफाइनरियों पर ड्रोन हमलों के जरिए अमेरिकी डीजल की लागत बढ़ाने का आरोप लगाया है। अमेरिकी मीडिया सीएनएन पर रविवार को प्रसारित एक क्लिप में ट्रंप ने कहा, "वह डीजल ईंधन के जरिए हमारे किसानों, हमारे पशुपालकों के लिए समस्याएं पैदा करना चाहता है। उसे हर हाल में रुकना चाहिए।"
एबीसी को दिए गए साक्षात्कार में जेलेंस्की ने ऊर्जा ढांचे पर हमले रोकने के लिए पारस्परिक युद्धविराम का प्रस्ताव रखा।उन्होंने कहा, "हम ऊर्जा क्षेत्र में युद्धविराम के लिए तैयार हैं। दोनों पक्ष ऊर्जा ढांचे पर हमला न करें।"
जेलेंस्की ने कहा, "अगर रूस चाहता है कि हम उनके डीजल भंडार, रिफाइनरियों और अन्य ऊर्जा प्रतिष्ठानों पर हमला न करें, तो हम राष्ट्रपति ट्रंप से अनुरोध करते हैं कि वे रूस को संकेत दें कि वह भी यूक्रेन के ऊर्जा ढांचे पर हमला न करे। यह एक उचित समझौता है। हम पर हमला मत कीजिए। हमारे बच्चों को मत मारिए। हम आपके डीजल ठिकानों पर हमले रोक देंगे।"
जेलेंस्की के अनुसार, इस सप्ताह रूस ने यूक्रेन के बिजली क्षेत्र पर 196 बार और गैस एवं तेल प्रतिष्ठानों पर 20 बार हमले किए, जबकि 153 नागरिकों की मौत हुई।
रविवार को बाद में ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "तुरंत प्रभाव से रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध में ऊर्जा युद्धविराम लागू हो गया है। दोनों पक्ष इस पर सहमत हो गए हैं।"
इसके बाद जेलेंस्की ने एक्सियोस से कहा कि यह घोषणा "मेरे लिए भी एक नई खबर थी। वहीं, मॉस्को की ओर से इस दावे की कोई पुष्टि नहीं की गई।
एबीसी साक्षात्कार के दौरान ट्रंप द्वारा यूक्रेन में नए राष्ट्रपति के चुनाव की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए जेलेंस्की ने चुनाव के लिए युद्धविराम का प्रस्ताव रखा। उन्होंने कहा, "तो कृपया पुतिन से कहिए कि हमें दो महीने का समय दें। पूर्ण युद्धविराम हो, 60 दिन तक शांति रहे और हम चुनाव आयोजित कर देंगे।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 11:32 PM IST











