हॉकी में शानदार खेल दिखाने वाले खिलाड़ियों का सम्मान करना हमारा फर्ज दिलीप तिर्की
नई दिल्ली, 27 मार्च (आईएएनएस)। हॉकी इंडिया द्वारा शुक्रवार को नई दिल्ली में 8वें सालाना सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में पिछले साल शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर आईएएनएस से बात करते हुए हॉकी इंडिया के अध्यक्ष दिलीप तिर्की ने कहा, "हमारा फर्ज है कि पूरे साल शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित करें। इससे खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ता है और वे बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रोत्साहित होते हैं।"
हॉकी टीम के सामने विश्व कप और एशियन गेम्स के रूप में दो बड़े इवेंट हैं। इन दोनों टूर्नामेंटों में भारतीय टीम के प्रदर्शन को लेकर दिलीप तिर्की ने कहा कि दोनों टूर्नामेंट अहम हैं, लेकिन इनके बीच अंतर काफी कम है। हमें दोनों टूर्नामेंट में अच्छा प्रदर्शन करना है। इस विषय पर हम चयनकर्ताओं और कोच के संपर्क में हैं। अगर जरूरत हुई तो हम दोनों टूर्नामेंट में अलग-अलग टीम भेजने पर भी विचार कर सकते हैं।
भारतीय हॉकी टीम के कप्तान हरमप्रीत सिंह ने कहा, "मैं बहुत खुश हूं। 250 मैच खेलना मेरे लिए बड़ी उपलब्धि है। विश्व कप से पहले हमें इंग्लैंड में प्रो लीग खेलना है। हमारी कोशिश होगी की इस टूर्नामेंट के दौरान अपनी सारी कमियां दूर करें मजबूती से विश्व कप के लिए तैयार हों।"
विश्व कप और एशियन गेम्स के बीच बहुत कम समय के फासले पर हरमनप्रीत सिंह ने कहा कि हमारे सामने चुनौतियां हैं, लेकिन हम कोशिश करेंगे। दोनों टूर्नामेंट में बेहतर प्रदर्शन की। मैं निजी तौर पर अपने प्रदर्शन को और बेहतर करने का प्रयास करूंगा।
भारतीय कप्तान विश्व कप जीतने की प्रतिबद्धता दोहराई।
समारोह के दौरान संन्यास की घोषणा करने वाले फॉरवर्ड खिलाड़ी गुरजंत सिंह ने आईएएनएस से कहा कि वार्षिक रूप से हॉकी खिलाड़ियों को सम्मानित करने के लिए आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम बेहद अहम है। अवॉर्ड की वजह से खिलाड़ियों में प्रतियोगिता की भावना भी रहती है।
अपने हॉकी के सफर पर उन्होंने कहा कि भारतीय हॉकी टीम के साथ पिछला एक दशक मेरे लिए यादगार रहा है। हमारी टीम साधारण से बेहतरीन टीम में बदली। हमने दो ओलंपिक पदक और एशियन गेम्स में स्वर्ण पदक जीता। यह काफी यादगार रहा और मुझे खुशी है कि मैं इस टीम का हिस्सा रहा।
पाकिस्तान के खिलाफ होने वाले मैच में भारतीय खिलाड़ियों पर पड़ने वाले मानसिक दबाव पर गुरजंत ने कहा कि हमारे लिए किसी भी टीम के खिलाफ जीत अहम है। हम सामने पाकिस्तान है या कोई और टीम यह नहीं देखते हैं।
मनप्रीत सिंह ने कहा, "विश्व कप से पहले हमें पाकिस्तान के साथ प्रो लीग मुकाबला खेलना है। हम अपनी ताकत पर खेलेंगे और उन्हें हराने की पूरी कोशिश करेंगे। हालांकि किसी भी टीम को कमजोर नहीं आंका जा सकता है। पाकिस्तान ने ऑस्ट्रेलियन कोच नियुक्त किया है। अच्छा खेल दिखाते हुए विश्व कप के लिए क्वालीफाई किया है।"
उन्होंने कहा कि हम विश्व कप और एशियन गेम्स जीतने की पूरी कोशिश करेंगे।
हार्दिक सिंह ने कहा कि हर साल होने वाला सम्मान समारोह कार्यक्रम हम हॉकी खिलाड़ियों के उत्साह और आत्मविश्वास को बढ़ाने वाला है। यह हमें बेस्ट प्रदर्शन की प्रेरणा देता है।
महिला हॉकी खिलाड़ी नवनीत कौर ने कहा, "सम्मान समारोह में आकर काफी अच्छा लग रहा है। हमारा अगला लक्ष्य विश्व कप और एशियन गेम्स में अच्छा प्रदर्शन करना और जीतना है।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 March 2026 6:41 PM IST












