हॉकी वर्ल्ड कप कप्तान हरमनप्रीत का डबल धमाल, भारत ने अपने पहले मैच में वेल्स को 3-1 से रौंदा
एम्सटल्विन, 15 अगस्त (आईएएनएस)। एफआईएच मेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के अपने 'पूल-डी' के पहले मैच में शनिवार को भारत ने वेल्स पर 3-1 से शानदार जीत हासिल की। वैगनर हॉकी स्टेडियम में दर्ज की गई इस जीत में कप्तान हरमनप्रीत सिंह के पेनाल्टी कॉर्नर से किए गए 2 गोल भी शामिल रहे।
इससे पहले, संजय राणा ने भारत को बढ़त दिलाई थी, जिसके बाद हरमनप्रीत ने पहले क्वार्टर में इस बढ़त को दोगुना कर दिया। भारतीय कप्तान ने तीसरे क्वार्टर में भी एक और गोल दागकर अपनी टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया, जिसके बाद वेल्स आखिरी क्वार्टर में एक सांत्वना गोल ही कर सका।
भारत ने तीनों प्वाइंट्स हासिल किए और अपने वर्ल्ड कप अभियान की जीत के साथ शुरुआत की। भारत का अगला मुकाबला सोमवार को इंग्लैंड से होगा, जिसके बाद 19 अगस्त को पूल-डी के अपने आखिरी मैच में उसका सामना पाकिस्तान से होगा।
शनिवार को अपनी नई केसरिया जर्सी में खेल रही भारतीय टीम को मैच की शुरुआत में ही कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा, क्योंकि वेल्स ने की शुरुआत आक्रामक थी। हालांकि, गोलकीपर सूरज करकेरा ने शानदार बचाव किया।
धीरे-धीरे भारत ने मैच में अपनी पकड़ बनाते हुए लगातार दो पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किए। संजय ने नौवें मिनट में दूसरे मौके को भुनाकर मैच का खाता खोला। इसके बाद भारत को एक और पेनाल्टी कॉर्नर हासिल किया, जिसमें हरमनप्रीत ने कोई गलती नहीं की; उन्होंने अपने ट्रेडमार्क ड्रैग-फ्लिक से जल्द ही स्कोर 2-0 कर दिया।
हालांकि, दूसरे क्वार्टर की शुरुआत में वेल्स के पास अंतर कम करने का शानदार मौका था। प्रिचर्ड भारतीय गोलकीपर के सामने थे। वह गोलकीपर को छकाने में तो कामयाब रहे, लेकिन उनका शॉट नियर पोस्ट से टकरा गया। इसी के साथ वेल्स ने शानदार मौका गंवा दिया।
भारत ने बॉल पर अपना कब्जा बनाए रखा और मौके बनाना जारी रखा। दूसरे क्वार्टर के आखिर में एक तेज जवाबी हमले के बाद राजिंदर गोल करने के करीब पहुंचे। हालांकि, सर्कल के किनारे से उनका शॉट बाहर चला गया और भारत हाफ-टाइम तक 2-0 से आगे रहा।
तीसरे क्वार्टर में भारत को ज्यादा परेशानी नहीं हुई और उनके डिफेंस ने वेल्स की सर्कल में घुसने की कोशिशों का बखूबी सामना किया। हरमनप्रीत ने क्वार्टर के 13वें मिनट में अपना दूसरा गोल किया। एक और पेनाल्टी कॉर्नर से मौका मिला और कप्तान ने बाईं ओर से सटीक ड्रैग-फ्लिक लगाकर भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया।
आखिरी क्वार्टर के 11वें मिनट में भारतीय गोल के सामने हुई गहमागहमी के बाद वेल्स ने आखिरकार गोल कर ही दिया। ऐसा लगा कि गेंद को शुरू में रोक लिया गया था, लेकिन वेल्स ने उसे वापस हासिल किया और गोल-लाइन के पार धकेल दिया। वीडियो रेफरल से गोल की पुष्टि हुई, जिससे भारत की बढ़त 3-1 हो गई।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   15 Aug 2026 7:47 PM IST












