झारखंड लातेहार में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर ने बाइक और सवारी टेंपो को कुचला, सात की मौत

झारखंड लातेहार में भीषण सड़क हादसा, कंटेनर ने बाइक और सवारी टेंपो को कुचला, सात की मौत
झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में करीब सात लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना चंदवा थाना क्षेत्र में लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर लुकुईया घाटी के समीप हुई।

लातेहार, 15 अगस्त (आईएएनएस)। झारखंड के लातेहार जिले में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे में करीब सात लोगों की मौत हो गई। हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दुर्घटना चंदवा थाना क्षेत्र में लोहरदगा-चंदवा मुख्य मार्ग पर लुकुईया घाटी के समीप हुई।

जानकारी के मुताबिक, लोहरदगा की ओर से आ रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अनियंत्रित होकर पहले एक मोटरसाइकिल से टकराया। इसके बाद कंटेनर सड़क पर चल रहे यात्रियों से भरे एक सवारी टेंपो के ऊपर पलट गया। कंटेनर के नीचे बाइक और टेंपो के दब जाने से मौके पर चीख-पुकार मच गई।

हादसा इतना भीषण था कि टेंपो और बाइक पूरी तरह कंटेनर के नीचे दब गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी मौके पर पहुंची।

भारी कंटेनर को हटाने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद ली गई। कंटेनर और क्षतिग्रस्त वाहनों के नीचे दबे लोगों को काफी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। घायलों को तत्काल चंदवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज किया जा रहा है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है।

बताया गया है कि टेंपो में सवार लोग लातेहार थाना क्षेत्र के सांसंग इलाके से लोहरदगा के चपरी जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार कंटेनर की चपेट में आने से यह हादसा हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने का काम शुरू किया, ताकि मार्ग पर यातायात सामान्य किया जा सके। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर कंटेनर की तेज रफ्तार और अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। हादसे की सूचना के बाद इलाके में शोक का माहौल है। पुलिस मृतकों की पहचान की प्रक्रिया में जुटी है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   15 Aug 2026 7:47 PM IST

Tags

Next Story