हांगकांग सिक्सेस श्रीलंका की 7 सदस्यीय टीम घोषित, संगीत कूरे संभालेंगे कमान
हांगकांग, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) की चयन समिति ने बुधवार को हांगकांग सिक्सेस 2026 के लिए 7-सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। संगीत कूरे को टीम का कप्तान नियुक्त किया गया है, जिनका साथ मोविन सुबासिंघे, विशन हलाम्बेज, चामिंडू विजेसिंघे, सचिता जयतिलके, रविन्दु फर्नांडो और मुदिथा लक्षण देंगे। श्रीलंकाई टीम हांगकांग सिक्सेस के अपने इतिहास में एक और खिताब जोड़ने की कोशिश करेगी।
हांगकांग सिक्सेस 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक खेला जाएगा, जिसमें दो बार की चैंपियन टीम तीसरे खिताब की तलाश में होगी।
यह टूर्नामेंट अपने तेज और ज्यादा स्कोर वाले मैचों के लिए मशहूर है, जिसमें दुनिया भर की टीमें खिताब के लिए मुकाबला करती हैं। इस प्रतियोगिता में शानदार रिकॉर्ड रखने वाली श्रीलंकाई टीम अपनी चुनी हुई टीम के साथ इस छोटे फॉर्मेट के टूर्नामेंट में अपनी छाप छोड़ने की कोशिश करेगी।
क्रिकेट हांगकांग, चीन के मार्केटिंग और कमर्शियल डायरेक्टर अनुराग भटनागर ने उत्साह जाहिर करते हुए कहा, "हम 2026 में हांगकांग सिक्सेस में श्रीलंका का फिर से स्वागत करते हुए बहुत खुश हैं। श्रीलंकाई टीम हमेशा इस टूर्नामेंट में अपना खास अंदाज और रोमांच लेकर आई है, और इस टूर्नामेंट के लिए चुनी गई टीम से भी ऐसी ही उम्मीद है। हम उन्हें हांगकांग और दुनिया भर के क्रिकेट फैंस के लिए और भी यादगार पल बनाते हुए देखने के लिए उत्सुक हैं।"
'हॉन्ग कॉन्ग सिक्सेस' में 12 टीमों को चार पूल में बांटा गया है। 'पूल-ए' में ऑस्ट्रेलिया, इंग्लैंड और हांगकांग चीन शामिल हैं, जबकि 'पूल-बी' में श्रीलंका, बांग्लादेश और स्कॉटलैंड हैं। भारत के साथ पाकिस्तान और यूएई 'पूल-सी' में मौजूद है, जबकि 'पूल-डी' में साउथ अफ्रीका के साथ अफगानिस्तान और ओमान मौजूद हैं।
मुकाबले के दौरान प्रत्येक टीम में छह खिलाड़ी होते हैं और प्रत्येक इनिंग में छह ओवर फेंके जाते हैं। आमतौर पर प्रत्येक बॉलर एक ओवर फेंकता है, लेकिन विकेटकीपर और एक तय बॉलर पर यह नियम लागू नहीं होता, जिससे एक खिलाड़ी दो ओवर फेंक सकता है।
हांगकांग सिक्सेस के लिए श्रीलंकाई टीम: संगीथ कूरे (कप्तान), मोविन सुबासिंघे, विशेन हलंबगे, चामिंडु विजेसिंघे, सचिता जयतिलके, रविन्दु फर्नांडो, मुदिथा लक्षण।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2026 7:26 PM IST












