'हम हर बार करीब आकर हार जाते थे', पहले मैच में मिली जीत के बाद बोले महेला जयवर्धने

नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई इंडियंस आखिरकार 13 साल बाद आईपीएल सीजन का शुरुआती मुकाबला जीतने में सफल रही। रविवार को वानखेड़े के मैदान पर मुंबई ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को 6 विकेट से हराया। साल 2013 से चले आ रहे इस हार के सिलसिले को तोड़ने के बाद टीम के हेड कोच महेला जयवर्धने काफी खुश नजर आए। उन्होंने कहा कि पिछले 13 सीजन में हम हर बार जीत के करीब पहुंचकर हार जा रहे थे।
जयवर्धने ने टूर्नामेंट के पहले मैच में मिली जीत को आंकड़ों के साथ-साथ मानसिक तौर पर भी एक बड़ी कामयाबी बताया। उल्लेखनीय है कि आईपीएल में मुंबई ने साल 2012 के बाद सीजन के पहले मुकाबले में जीत दर्ज की है। पिछले 13 साल से पांच बार की चैंपियन टीम टूर्नामेंट के पहले मुकाबले में हारती चली आ रही थी।
जयवर्धने ने 'जियोस्टार' से बात करते हुए कहा, "2012 के बाद नए आईपीएल सीजन का पहला मैच न जीत पाना एक ऐसी बात थी जिसके बारे में हम हमेशा ड्रेसिंग रूम में बात करते थे। हम पिछले 13 सीजन में हर शुरुआती मैच में जीत के करीब पहुंचते थे, लेकिन हम कभी भी जीत हासिल नहीं कर पाए थे। मुझे लगता है कि केकेआर के खिलाफ मिली यह जीत काफी शानदार है। केकेआर ने जब पहले बल्लेबाजी करते हुए 220 रन बनाए, तो मैं थोड़ा नर्वस हो गया था, लेकिन विकेट बैटिंग के लिए काफी अच्छा था और रोहित-रिकेल्टन की तूफानी बल्लेबाजी के चलते हम इस मैच को आसानी से जीतने में सफल रहे। मैं इस जीत और आईपीएल सीजन में पहला मैच हारने के सिलसिले के टूटने से बेहद खुश हूं।"
जयवर्धने ने रोहित शर्मा की भी जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "रोहित कैंप के पहले दिन से ही हमारे साथ जुड़ गए थे। उनका पूरा ध्यान तैयारियों पर था और वह काफी तरोताजा थे। उन्होंने कुछ अच्छे मैच और प्रैक्टिस गेम भी खेले थे, जिससे उन्हें अपनी तैयारियों को पुख्ता करने में मदद मिली। रोहित जिस तरह से गेंद को मार रहे थे वो देखकर मैं काफी खुश हूं। उन्होंने इस मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी की।"
केकेआर से मिले 221 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा ने रयान रिकेल्टन के साथ दमदार शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 11.5 ओवर में 148 रन जोड़े। रोहित ने 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 38 गेंदों में 78 रनों की शानदार पारी खेली। वहीं, रिकेल्टन ने 43 गेंदों में 4 चौके और 8 छक्के लगाते हुए 81 रन बनाए। मुंबई ने लक्ष्य को सिर्फ 19.1 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   30 March 2026 1:25 PM IST












