'हमने कई कैच छोड़े', सीएसके के खिलाफ मिली हार के बाद बोले कप्तान पंत

चेन्नई, 10 मई (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 53वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) को 5 विकेट से हराया। इस सीजन की आठवीं हार से एलएसजी के कप्तान ऋषभ पंत बेहद हताश नजर आए।
पंत ने माना कि एलएसजी टीम ने इस मुकाबले में काफी कैच छोड़े, जिसका खामियाजा टीम को भुगतना पड़ा। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में मिली हार के बाद पंत ने कहा, "जाहिर तौर पर यह एक शानदार मैच था। सब कुछ ठीक चल रहा था, हमें पता था कि वे हम पर दबाव डाल देंगे, क्योंकि चेन्नई में ऐसा ही होता है। टी20 में फील्डिंग का स्तर अच्छा होना चाहिए, हमने कई कैच छोड़े।"
एलएसजी के कप्तान ने उर्विल की दमदार पारी की सराहना की। उन्होंने कहा, "उर्विल ने एक शानदार, अविश्वसनीय पारी खेली, जैसे हमारे लिए जोश इंग्लिस ने खेली। हमें पता था कि किसी को अटैक करने की जिम्मेदारी लेनी होगी। हमारे के लिए यह काम इंग्लिस ने किया, तो सीएसके के लिए यह जिम्मेदारी उर्विल ने निभाई। हालांकि, हम लड़ते रहे और हमारे पास मौके थे। जिस तरह से हमने शुरुआत की, उसको देखते हुए हम स्कोरबोर्ड पर और रन लगाना चाहते थे। हालांकि, हम जानते थे कि 200-210 के करीब का स्कोर अच्छा है। शुरुआत में बैटिंग करना आसान था और फिर मुश्किल हो गया।"
चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मिली हार के बाद लखनऊ सुपर जायंट्स की प्लेऑफ में पहुंचने की राह और भी ज्यादा मुश्किल हो गई है। पहले बल्लेबाजी करते हुए एलएसजी ने 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर स्कोरबोर्ड पर 203 रन लगाए। टीम की तरफ से जोश इंग्लिस ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में 85 रनों की आतिशी पारी खेली। वहीं, शाहबाज अहमद ने 25 गेंदों में 43 रनों की नाबाद पारी खेली।
हालांकि, सीएसके ने 204 रनों के लक्ष्य को 19.2 ओवर में 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से उर्विल पटेल ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए महज 23 गेंदों में 65 रनों की धमाकेदार पारी खेली। ऋतुराज गायकवाड़ ने 28 गेंदों में 42 रनों का योगदान दिया, जबकि संजू सैमसन ने 14 गेंदों में 28 रन बनाए।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   10 May 2026 8:30 PM IST












