झारखंडः गढ़वा में एनएच किनारे युवक का अर्धनग्न शव बरामद, शरीर पर गहरे जख्म, हत्या की आशंका

झारखंडः गढ़वा में एनएच किनारे युवक का अर्धनग्न शव बरामद, शरीर पर गहरे जख्म, हत्या की आशंका
झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र में एनएच-343 किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव खुथवा मोड़ के समीप सड़क किनारे अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मान रही है। मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।

गढ़वा, 10 मई (आईएएनएस)। झारखंड के गढ़वा जिले के रंका थाना क्षेत्र में एनएच-343 किनारे एक अज्ञात युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। शव खुथवा मोड़ के समीप सड़क किनारे अर्धनग्न अवस्था में पड़ा मिला। पुलिस प्रथम दृष्टया इसे हत्या का मामला मान रही है। मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी।

जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोगों ने रविवार को सड़क किनारे एक युवक का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही रंका थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की।

पुलिस के मुताबिक, मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष है। जांच के दौरान युवक के माथे और पैर पर गहरे कटे के निशान पाए गए हैं। शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका जता रही है।

थाना प्रभारी रवि कुमार केसरी ने बताया कि शुरुआती जांच में ऐसा प्रतीत होता है कि युवक की हत्या कहीं और की गई है और बाद में साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को एनएच-343 किनारे फेंक दिया गया। पुलिस ने घटनास्थल पर शव की तलाशी ली, लेकिन युवक की शर्ट की जेब या अन्य सामान से कोई पहचान पत्र, मोबाइल फोन अथवा ऐसा दस्तावेज बरामद नहीं हुआ, जिससे उसकी पहचान हो सके।

इसके बाद पुलिस ने आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर लापता व्यक्तियों की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए गढ़वा सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों के बारे में अधिक स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी। फिलहाल, पुलिस मामले की सभी पहलुओं से जांच कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   10 May 2026 8:25 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story