पूछताछ: भोंदूबाबा अशोक खरात प्रकरण मामले में रूपाली चाकणकर आखिरकार नाशिक एसआईटी के सामने हुईं पेश

भोंदूबाबा अशोक खरात प्रकरण मामले में रूपाली चाकणकर आखिरकार नाशिक एसआईटी के सामने हुईं पेश
  • 3 घंटे तक हुई रूपाली चाकणकर से पूछताछ
  • बहन के बाद अब रूपाली चाकणकर की बारी
  • अब एसआईटी की भूमिका पर टिकी नजरें

Nashik News. भोंदूबाबा अशोक खरात मामले में पिछले कई दिनों से संदेह के घेरे में रहीं राज्य महिला आयोग की पूर्व अध्यक्ष और राष्ट्रवादी कांग्रेस (अजित गुट) की नेता रूपाली चाकणकर आखिरकार रविवार को नाशिक में विशेष जांच दल (एसआईटी) के सामने पूछताछ के लिए पेश हुईं। एसआईटी प्रमुख तेजस्वी सातपुते ने उनसे करीब 5 घंटे तक गहन पूछताछ की। इसमें क्या निकलकर सामने आया, इसका विवरण फिलहाल गोपनीय रखा गया है, लेकिन राजनीतिक हलकों में बड़ी हलचल मच गई है।

खरात मामले की शुरुआत से ही चर्चा में होने के बावजूद चाकणकर अब तक जांच प्रक्रिया से दूर थीं। हालांकि, रविवार सुबह वह पुणे से सीधे नाशिक पहुंचीं। दोपहर करीब 12:30 बजे वह महाराष्ट्र पुलिस अकादमी स्थित एसआईटी कार्यालय पहुंचीं। उनके साथ उनके वकील भी मौजूद थे।

-बहन के बाद अब रूपाली चाकणकर की बारी

इससे पहले इस मामले में रूपाली चाकणकर की बहन प्रतिभा से एसआईटी ने करीब 8 घंटे तक पूछताछ की थी। अब खुद रूपाली से पूछताछ होने के बाद इस मामले के तार कहां तक जुड़े हैं, इसे लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अशोक फिलहाल 22 मई तक न्यायिक हिरासत में है और समझा जाता है कि उसके द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर ही यह पूछताछ की जा रही है।

-पतसंस्था के सभी खाते फर्जी: चाकणकर

पूछताछ का सामना करने से पहले रूपाली चाकणकर ने मीडिया से बात की। इस दौरान उन्होंने दावा किया कि, समता और जगदंबा पतसंस्था (क्रेडिट सोसायटियों) के सभी खाते फर्जी हैं। इसकी आधिकारिक रिपोर्ट जल्द ही सामने आएगी। इस दावे के कारण अब इस मामले में वित्तीय अनियमितताओं का एक नया मोड़ आने की संभावना जताई जा रही है।

-अब एसआईटी की भूमिका पर टिकी नजरें

भोंदूबाबा खरात मामले में अब तक कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने कई हाई-प्रोफाइल व्यक्तियों से पूछताछ की है। चाकणकर की पूछताछ से खरात के काले साम्राज्य के बारे में क्या नई जानकारी सामने आती है और पुलिस इस पर क्या कार्रवाई करती है, इस पर पूरे राज्य की नजरें टिकी हुई हैं।

-जांच में मेरा पूरा सहयोग रहेगा

रूपाली चाकणकर, नेता, राकांपा (अजित गुट) का कहना है कि एसआईटी द्वारा की जा रही जांच में पुलिस को कुछ सवालों के जवाब चाहिए। जांच में मेरा पूरा सहयोग रहेगा। आपके मन में कई शंकाएं हैं, लेकिन जांच पूरी होने पर सभी सवालों के जवाब अपने आप मिल जाएंगे।



Created On :   10 May 2026 8:35 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story