- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नासिक
- /
- सटाणा मंडी में प्याज को मिला 50...
पुलिस संभाला मामला: सटाणा मंडी में प्याज को मिला 50 पैसे किलो भाव, प्रवेश द्वार पर ट्रैक्टर खड़ा कर नाराज किसानों ने किया आंदोलन
Nashik News. बेमौसम बारिश, ओलावृष्टि और बढ़ती खेती लागत से पहले ही परेशान प्याज उत्पादक किसानों की मुश्किलें अब गिरते बाजार भाव ने और बढ़ा दी हैं। नाशिक जिले की सटाणा कृषि उपज मंडी समिति में गुरुवार को प्याज को मात्र 50 रुपए प्रति क्विंटल यानी करीब 50 पैसे प्रति किलो का भाव मिलने पर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित किसानों ने मंडी समिति के प्रवेश द्वार पर ट्रैक्टर खड़ा कर आंदोलन शुरू कर दिया, जिससे परिसर में कुछ समय तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।
बागलाण तहसील के कन्हे गांव निवासी किसान जितेंद्र सालुंखे अपना प्याज बेचने बड़ी उम्मीद के साथ मंडी पहुंचे थे, लेकिन नीलामी के दौरान उनके प्याज को केवल 50 रुपए प्रति क्विंटल का भाव दिया गया। यह सुनते ही किसानों ने व्यापारियों और मंडी प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। किसानों का कहना था कि बीज, खाद, दवाइयों, मजदूरी और परिवहन का खर्च लगातार बढ़ रहा है, ऐसे में इतने कम दाम पर खेती करना घाटे का सौदा बन गया है।
यह भी पढ़े -सिंहस्थ कुंभ मेले को लेकर महंत और पुरोहितों ने जताई चिंता, कहा- धार्मिक आस्थाओं पर ध्यान नहीं
आंदोलन कर रहे किसानों ने व्यापारियों पर आपसी मिलीभगत से भाव गिराने का आरोप लगाया। गुस्साए किसानों ने प्याज से भरा ट्रैक्टर मंडी समिति कार्यालय के सामने खड़ा कर नारेबाजी शुरू कर दी। अचानक हुए प्रदर्शन से मंडी परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई किसान प्याज के ढेरों के सामने बैठकर अपनी व्यथा जाहिर करते नजर आए।
घटना की जानकारी मिलते ही सटाणा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस उपनिरीक्षक अमोल सूर्यवंशी, गणेश सोनवणे और बालासाहेब टिलेकर ने किसानों, व्यापारियों और मंडी प्रशासन के बीच मध्यस्थता कर स्थिति को संभाला। करीब एक घंटे चली चर्चा के बाद संबंधित प्याज का भाव बढ़ाकर 175 रुपए प्रति क्विंटल करने पर सहमति बनी, जिसके बाद किसानों ने आंदोलन वापस ले लिया।
किसानों ने सरकार से प्याज को समर्थन मूल्य देने और बाजार हस्तक्षेप योजना प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग की है। उनका कहना है कि एक दिन का समाधान पर्याप्त नहीं है, क्योंकि प्याज के गिरते दाम का संकट अब भी बना हुआ है।
Created On :   8 May 2026 8:05 PM IST












