- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- नासिक
- /
- बदनामी करने वालों पर करेंगे 10...
Nashik News: बदनामी करने वालों पर करेंगे 10 करोड़ के मानहानि का दावा

Nashik News महाराष्ट्र के राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले ने सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ फैलाई जा रही भ्रामक खबरों पर कड़ा रुख अख्तियार किया है। अपनी छवि धूमिल करने की कोशिश करने वालों को चेतावनी देते हुए उन्होंने घोषणा की है कि वे झूठ फैलाने वालों के खिलाफ 10 करोड़ रुपए का मानहानि का दावा दायर करेंगे।
क्या है पूरा मामला?
पिछले कुछ दिनों से विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और यूट्यूब चैनलों पर एक वीडियो वायरल हो रहा है। इसमें दावा किया जा रहा है कि बावनकुले के पास 1147 एकड़ बेनामी जमीन है। वायरल खबरों में कुछ कथित दस्तावेजों के आधार पर मंत्री और उनके परिवार पर गंभीर आरोप लगाए जा रहे थे।
-हमारे परिवार के पास मात्र 28 एकड़ जमीन
इन सभी दावों को सिरे से खारिज करते हुए राजस्व मंत्री ने स्पष्ट किया कि यह उनकी छवि खराब करने की एक सुनियोजित साजिश है। उन्होंने आंकड़ों के साथ स्थिति साफ की। बावनकुले ने बताया कि उनके पास मात्र 80 आर (लगभग 2 एकड़) जमीन है, जिसे कुछ लोग गलत तरीके से 80 हेक्टेयर बता रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनके बेटे, बेटी और परिवार के नाम पर कुल मिलाकर 28 एकड़ से अधिक जमीन नहीं है, जिसका उल्लेख उन्होंने अपने चुनावी शपथपत्र में भी किया है। उन्होंने कहा कि, सोशल मीडिया पर जानबूझकर गलत आंकड़े पेश कर मुझे बदनाम किया जा रहा है। मैंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है और अब इस साजिश के पीछे शामिल लोगों के खिलाफ अदालत में 10 करोड़ रुपए की मानहानि का केस दर्ज करूंगा।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में संदिग्धों के खिलाफ नागपुर पुलिस द्वारा तकनीकी जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस उन अकाउंट्स और पोर्टल्स की पहचान कर रही है जिन्होंने इस भ्रामक जानकारी को सबसे पहले साझा और वायरल किया था।
Created On :   4 April 2026 8:04 PM IST












