हैदराबाद और तेलंगाना से ड्रग्स को खत्म करने की कोशिश जारी के. लक्ष्मण
हैदराबाद, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। हैदराबाद में रविवार को आयोजित 'नशा मुक्त भारत साइकिल राइड' में भाजपा सांसद के. लक्ष्मण ने हिस्सा लिया। 'अक्षरा स्फूर्ति' द्वारा आयोजित इस राइड का मकसद नशीले पदार्थों के सेवन के खिलाफ जागरूकता फैलाना और एक स्वस्थ, नशा-मुक्त भारत को बढ़ावा देना था। यह राइड बाल हनुमान मंदिर, सीतारामपेट (आघापुरा के पास) से शुरू होकर सरदार वल्लभभाई पटेल जी की प्रतिमा, असेंबली तक आयोजित की गई।
इस दौरान सांसद के. लक्ष्मण ने मीडिया से बातचीत में कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देशों का पालन करते हुए, 'नशा मुक्त भारत अभियान' के तहत हैदराबाद में 'अक्षर स्फूर्ति' संस्था पिछले दो महीनों से हर रविवार साइकिल रैलियां आयोजित कर रही है, ताकि देश को नशे की लत से मुक्त किया जा सके। यह चिंता की बात है कि ड्रग्स के इस्तेमाल के मामले में भारत दुनिया में काफी आगे है और आरोप है कि विदेशी ताकतें स्कूल और कॉलेज के छात्रों को नशे की लत में फंसाकर भारत को आर्थिक रूप से कमजोर करने की साजिश रच रही हैं।"
सांसद ने कहा, "प्रधानमंत्री मोदी ने तीन साल के भीतर देश को नशा मुक्त बनाने का संकल्प लिया है। जिस तरह गृह मंत्री अमित शाह के निर्देशों से माओवादियों, नक्सलियों और गैर-संवैधानिक संगठनों से निपटा गया, उसी तरह अब तेलंगाना सरकार, पुलिस (ईगल फोर्स) हैदराबाद और तेलंगाना से ड्रग्स को खत्म करने की कोशिश कर रही है। युवाओं से परिवारों, समाज और देश को नशे से होने वाली बर्बादी से बचाने के लिए इस अभियान में शामिल होने का आग्रह करते हुए वक्ता ने मीडिया, एक्टिविस्ट और सभी राजनीतिक दलों के सदस्यों से राजनीति से ऊपर उठकर प्रधानमंत्री मोदी के नशा मुक्त भारत के सपने को पूरा करने में मदद करने की अपील की है।"
एक दिन पहले शनिवार को सांसद ने एक्स पर लिखा था, "नशामुक्त युवा ही एक स्वस्थ और सशक्त भारत की नींव हैं। मैं 'अक्षरा स्फूर्ति' द्वारा आयोजित 'नशा-मुक्त भारत साइकिल राइड' में शामिल हो रहा हूं। इसका उद्देश्य नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाना और युवाओं को स्वस्थ व सक्रिय जीवन अपनाने के लिए प्रोत्साहित करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'नशा-मुक्त भारत' के आह्वान से प्रेरित होकर, मैं युवाओं, साइकिल चालकों और सभी नागरिकों को इस राइड में शामिल होने और इस महत्वपूर्ण अभियान का हिस्सा बनने के लिए आमंत्रित करता हूं। नशे को न कहें। स्वस्थ जीवन चुनें।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Oct 2026 12:25 PM IST












