आईसीसी रैंकिंग टी20 फॉर्मेट में न्यूजीलैंड की महिला खिलाड़ियों ने लगाई छलांग
नई दिल्ली, 17 मार्च (आईएएनएस)। न्यूजीलैंड की टॉप व्हाइट बॉल खिलाड़ियों को महिलाओं की आईसीसी टी20 रैंकिंग में इनाम मिला है। इन खिलाड़ियों ने साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के खिलाफ घरेलू सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था।
'व्हाइट फर्न्स' फिलहाल साउथ अफ्रीका के साथ 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज खेल रही है। रविवार को माउंट माउंगानुई में खेले गए मैच में टी20 सीरीज के पहले मैच में न्यूजीलैंड ने 80 रन से शानदार जीत दर्ज की थी। इस दौरान कप्तान अमेलिया केर ने 44 गेंदों में 78 रन की तूफानी पारी खेली, जिसके लिए उन्हें 'प्लेयर ऑफ द मैच' का खिताब मिला। अमेलिया बल्लेबाजों की रैंकिंग में आठवें स्थान पर बनी हुई हैं।
दूसरी ओर, अमेलिया की साथी जॉर्जिया प्लिमर ने 63 रनों की शानदार पारी खेली थी, जिसका फायदा उन्हें आईसीसी रैंकिंग में मिला है। अमेलिया टी20 रैंकिंग में 9 पायदान ऊपर चढ़कर 41वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
इसके साथ जेस केर 11 पायदान ऊपर चढ़कर 23वें स्थान पर पहुंच गई हैं, जो टी20 गेंदबाजों की रैंकिंग में यह उनके करियर की अब तक की सबसे अच्छी रेटिंग है। केर ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज के पहले मुकाबले में 13 रन देकर 2 विकेट हासिल किए थे।
इसी मैच में न्यूजीलैंड की पूर्व कप्तान सोफी डिवाइन ने महज 12 रन देकर 4 विकेट निकाले थे। वह ऑलराउंडर्स की लिस्ट में 6 पायदान ऊपर चढ़कर 11वें स्थान पर पहुंच गई हैं।
आईसीसी की ओर से जारी ताजा रैंकिंग में न्यूजीलैंड का दबदबा साफतौर पर नजर आ रहा है। हाल ही में जिम्बाब्वे के खिलाफ खेली गई तीन मैचों की वनडे सीरीज में 'व्हाइट फर्न्स' ने 3-0 से क्लीन स्वीप किया था। मैडी ग्रीन पांच पायदान ऊपर चढ़कर 17वें स्थान पर पहुंच गईं, जबकि एमी केर दो पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 19वें स्थान पर पहुंच गईं। इसाबेला गेज ने भी अपनी स्थिति में सुधार किया और वनडे बल्लेबाजों की रैंकिंग में तीन पायदान ऊपर चढ़कर 61वें स्थान पर पहुंच गईं।
गेंदबाजों की लिस्ट को देखें, तो रोजमेरी मेयर और ब्री इलिंग ने काफी प्रगति की है। वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में वे क्रमशः सात और पांच पायदान ऊपर चढ़कर 58वें और 79वें स्थान पर पहुंच गई हैं। जिम्बाब्वे की नोमवेलो सिबांडा ने भी इस सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया, जिसके दम पर वह अपने करियर की सबसे अच्छी रैंकिंग पर पहुंच गईं। वह आठ पायदान ऊपर चढ़कर संयुक्त रूप से 49वें स्थान पर पहुंच गईं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   17 March 2026 4:08 PM IST












