आईआईएम लखनऊ में एक करोड़ रुपए का प्लेसमेंट ऑफर, बैच का औसत वेतन 33.2 लाख रुपए

आईआईएम लखनऊ में एक करोड़ रुपए का प्लेसमेंट ऑफर, बैच का औसत वेतन 33.2 लाख रुपए
आईआईएम लखनऊ ने प्लेसमेंट में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कराई है। संस्थान के छात्रों को एक करोड़ रुपए तक का प्लेसमेंट ऑफर मिला है। छात्रों को विदेशी कंपनियों द्वारा 65 लाख रुपए प्रति वर्ष तक के अंतर्राष्ट्रीय पैकेज ऑफर किए गए हैं।

नई दिल्ली, 24 फरवरी (आईएएनएस)। आईआईएम लखनऊ ने प्लेसमेंट में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज कराई है। संस्थान के छात्रों को एक करोड़ रुपए तक का प्लेसमेंट ऑफर मिला है। छात्रों को विदेशी कंपनियों द्वारा 65 लाख रुपए प्रति वर्ष तक के अंतर्राष्ट्रीय पैकेज ऑफर किए गए हैं।

भारतीय एवं अंतरराष्ट्रीय प्रस्तावों को देखें तो इस वर्ष आईआईएम लखनऊ के छात्रों को 33.2 लाख रुपए का सालाना औसत वेतन ऑफर किया गया है। कुल दो सौ कंपनियां प्लेसमेंट में शामिल हुई। इनमें गूगल, माइक्रोसॉफ्ट, जेपी मॉर्गन, एक्सेंचर, एडोब, अमेजन, अल्वारेज एंड मार्सल, अमेरिकन एक्सप्रेस, बैन एंड कंपनी, बोस्टन कंसल्टिंग ग्रुप, डेलॉइट, ईवाई-पार्थेनन, गोल्डमैन, केर्नी, लैंडमार्क ग्रुप व मैककिन्से एंड कंपनी जैसे नियोक्ता ने जॉब ऑफर दिए।

भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) लखनऊ ने बताया कि उन्होंने अपने पोस्टग्रेजुएशन कार्यक्रम (पीजीपी) के 40वें बैच और कृषि व्यवसाय प्रबंधन में पोस्टग्रेजुएशन कार्यक्रम (पीजीपी-एबीएम) के 21वें बैच के लिए अंतिम प्लेसमेंट प्रक्रिया पूरी कर ली है। इस वर्ष, 559 छात्रों को 580 से अधिक पदों के ऑफर दिए गए हैं। जॉब ऑफर देने वाली कंपनियों में दुनिया भर की कंपनियां शामिल हैं। इन कंपनियों ने आईआईएम के छात्रों को परामर्श, वित्त, सामान्य प्रबंधन, उत्पाद प्रबंधन, बिक्री एवं विपणन, संचालन एवं खुदरा और ई-कॉमर्स सहित विभिन्न भूमिकाओं में नियुक्ति का ऑफर दिया है।

बता दें कि जॉब ऑफर पाने वाले आईआईएम के इन छात्रों में से कई छात्र भारत के प्रतिष्ठित संस्थानों जैसे कि आईआईटी के भी छात्र रह चुके हैं। आईआईटी के अलावा एनआईटी, बिरला प्रौद्योगिकी एवं विज्ञान संस्थान और श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स के पूर्व छात्र भी इनमें शामिल हैं। इस बैच के छात्रों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और विश्व भर की शीर्ष कंपनियों में आकर्षक पदों पर नियुक्ति प्राप्त की है।

संस्थान ने मंगलवार को बताया कि आईआईएम लखनऊ के छात्र द्वारा प्राप्त किया गया उच्चतम घरेलू पैकेज (सीटीसी) एक करोड़ रुपए प्रति वर्ष है। वहीं, उच्चतम अंतरराष्ट्रीय पैकेज (सीटीसी) की बात करें तो यहां आईआईएम लखनऊ के छात्रों को 65 लाख रुपए प्रति वर्ष तक ऑफर किए गए हैं। आईआईएम लखनऊ ने बताया कि प्रस्तावित औसत वेतन 33.2 लाख रुपए प्रति वर्ष रहा है। वहीं, माध्यिका वेतन की बात करें तो यह 32.9 लाख रुपए प्रति वर्ष है।

संस्थान का कहना है कि यह कैंपस में विकसित और पोषित असाधारण प्रतिभा को दर्शाता है। आईआईएम लखनऊ प्लेसमेंट प्रक्रिया को हाइब्रिड प्रारूप में आयोजित किया गया। इसमें 200 से अधिक घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय भर्तीकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाइब्रिड प्लेसमेंट प्रारूप ने निर्बाध संवाद सुनिश्चित किया, जिससे दूरस्थ और कैंपस में उपस्थित दोनों प्रतिभागियों की आवश्यकताओं का ध्यान रखा गया और प्रक्रिया अधिक समावेशी और सुलभ बन गई।

आदित्य बिरला ग्रुप, मीडिया नेट, नवी, प्रॉक्टर एंड गैंबल, पीडब्ल्यूसी, आरआईएल और टाटा एडमिनिस्ट्रेटिव सर्विसेज जैसी प्रतिष्ठित और प्रतिष्ठित भर्ती कंपनियों ने विभिन्न उद्योगों में छात्रों को महत्वपूर्ण भूमिकाएं ऑफर की हैं। इसके अतिरिक्त, एक्यूरेसी, एग्राटास, एनालिसिस मेसन, बर्गर, ब्लैक रॉक, बोट, डार्विनबॉक्स, डेजरव, एस्सार ग्रुप, फोरविस मजर्स, एचडीएफसी आईबी, हीरो फ्यूचर एनर्जीज, हाईलैब्स, जेम्स डगलस, जिंदल स्टील, लॉयड्स मेटल्स, नियो एसेट मैनेजमेंट, नोवा वन, शादि डॉट कॉम, शापूरजी पल्लोनजी, स्टोनएक्स और उबर सहित कई पहली बार भर्ती करने वाली कंपनियों ने इस वर्ष के प्लेसमेंट अभियान में भाग लिया।

इनमें घरेलू और अंतर्राष्ट्रीय दोनों प्रकार की नौकरी के ऑफर दिए गए हैं। ग्रेजुएट होने वाले छात्रों के समूह में वित्त, परामर्श, सूचना प्रौद्योगिकी और बिक्री एवं विपणन जैसे विभिन्न क्षेत्रों के नव-स्नातक और अनुभवी पेशेवर दोनों शामिल थे।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 Feb 2026 5:08 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story