इजरायल-लेबनान सीजफायर उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ट्रंप की मध्यस्थता को सराहा, स्थायी शांति पर जोर

इजरायल-लेबनान सीजफायर उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने ट्रंप की मध्यस्थता को सराहा, स्थायी शांति पर जोर
यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इजरायल-लेबनान संघर्ष में घोषित दस दिन के युद्धविराम का स्वागत क‍िया। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से हुआ यह सीजफायर शांति की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

नई द‍िल्‍ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने इजरायल-लेबनान संघर्ष में घोषित दस दिन के युद्धविराम का स्वागत क‍िया। उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रंप की मध्यस्थता से हुआ यह सीजफायर शांति की दिशा में एक सकारात्मक कदम है।

यूरोपियन कमीशन की प्रेसिडेंट उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा, ''मैं राष्ट्रपति ट्रंप की मध्यस्थता में हुई इजरायल और लेबनान के बीच दस दिन के सीजफायर की घोषणा का स्वागत करती हूं। यह एक राहत की बात है, क्योंकि इस संघर्ष में पहले ही बहुत ज्‍यादा जानें जा चुकी हैं।''

प्रेसिडेंट उर्सुला ने आगे कहा, ''अब हमें सिर्फ एक अस्थायी युद्धविराम की नहीं, बल्कि स्थायी शांति के रास्ते की जरूरत है। यूरोप, लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के पूर्ण सम्मान की मांग करता रहेगा। हम, पर्याप्त मानवीय सहायता के जरिए लेबनान के लोगों का समर्थन करते रहेंगे।''

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ बातचीत के बाद संघर्षविराम और स्थायी शांति की दिशा में बड़ी पहल का दावा किया है। उन्होंने बताया कि दोनों देशों के बीच दस द‍िनों के युद्धविराम पर सहमति बनी है।

ट्रंप ने कहा, "दुनिया भर में नौ युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही है; यह मेरा 10वां प्रयास है।"

ट्रंप ने सोशल मीड‍िया अकाउंट ट्रुथ सोशल पर बताया, ''अभी-अभी मेरी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन और इजरायल के प्रधानमंत्री नेतन्याहू के साथ बहुत ही बेहतरीन बातचीत हुई। इन दोनों नेताओं ने इस बात पर सहमति जताई है कि अपने देशों के बीच शांति स्थापित करने के लिए वे ईएसटी समय के अनुसार शाम पांच बजे से औपचारिक रूप से दस दिनों के 'सीजफायर' (युद्धविराम) की शुरुआत करेंगे।

ट्रंप ने पोस्‍ट में कहा, "34 वर्षों में पहली बार, इन दोनों देशों के प्रतिनिधियों ने यहां वाशिंगटन डीसी में हमारे महान विदेश मंत्री, मार्को रुबियो के साथ मुलाकात की। मैंने उपराष्ट्रपति जेडी वेंस और विदेश मंत्री रुबियो को 'जॉइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ' के चेयरमैन डैन रेजिन केन के साथ मिलकर, इजरायल और लेबनान के साथ काम करते हुए एक स्थायी शांति स्थापित करने का निर्देश दिया है। दुनिया भर में नौ युद्धों को सुलझाना मेरे लिए एक सम्मान की बात रही है, और यह मेरा 10वां प्रयास होगा। तो चलिए, इसे पूरा करके दिखाते हैं।"

लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने भी इजरायल-लेबनान में संघर्ष-विराम कराने और स्थायी शांति और स्थिरता सुनिश्चित करने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से किए जा रहे प्रयासों के लिए आभार व्यक्त किया। इन प्रयासों से इस क्षेत्र में शांति प्रक्रिया को आगे बढ़ाने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। उन्होंने कामना की कि इन प्रयासों को जारी रखा जाए, ताकि जल्द से जल्द संघर्ष को रोका जा सके।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   16 April 2026 10:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story