इंडिया पोस्ट 'डाक सेवा, जन सेवा' के मूल मंत्र के साथ आगे भी कीर्तिमान बनाता रहेगा ज्योतिरादित्य सिंधिया
नई दिल्ली, 14 जुलाई (आईएएनएस)। भारत पोस्ट (इंडिया पोस्ट) ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल करते हुए पहली बार 4,000 करोड़ रुपए के कारोबार का आंकड़ा पार कर लिया है। केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया ने विज्ञान भवन में आयोजित तिमाही बिजनेस रिव्यू बैठक में यह जानकारी साझा की।
ज्योतिरादित्य सिंधिया ने बताया कि इंडिया पोस्ट ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही में 4,008.95 करोड़ रुपए का कारोबार दर्ज किया, जो पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि की तुलना में 22.2 प्रतिशत अधिक है। यह पहली बार है जब इंडिया पोस्ट ने किसी पहली तिमाही में 4,000 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट कर कहा कि यह उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में इंडिया पोस्ट के आधुनिकीकरण और भविष्य के लिए तैयार संगठन बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विभाग 'डाक सेवा, जन सेवा' के मूल मंत्र के साथ आगे भी नए कीर्तिमान स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
विज्ञान भवन में आयोजित बिजनेस रिव्यू बैठक में देशभर के इंडिया पोस्ट के 23 सर्किलों के प्रदर्शन की समीक्षा की गई। बैठक में पहली तिमाही के प्रदर्शन का आकलन करने के साथ-साथ वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रणनीतिक रोडमैप पर भी चर्चा हुई।
संचार राज्य मंत्री डॉ. चंद्रशेखर पेम्मासानी ने भी इस उपलब्धि को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि पिछले वर्ष की पहली तिमाही में विभाग का राजस्व लगभग 3,280 करोड़ रुपए था, जो इस वर्ष बढ़कर 4,000 करोड़ रुपए से अधिक हो गया है। यह करीब 22 प्रतिशत की सालाना वृद्धि को दर्शाता है और विभाग के 30 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि लक्ष्य की दिशा में एक मजबूत शुरुआत है।
बैठक के दौरान बेहतर प्रदर्शन करने वाले सर्किलों और इकाइयों की सराहना की गई। आंध्र प्रदेश पोस्टल सर्किल ने अपनी तिमाही कारोबारी लक्ष्य का 100 प्रतिशत से अधिक हासिल किया। बिहार और तमिलनाडु सर्किलों ने पार्सल व्यवसाय में निर्धारित लक्ष्य से अधिक प्रदर्शन किया। मेल ऑपरेशंस में आंध्र प्रदेश ने 100 प्रतिशत से अधिक लक्ष्य हासिल किया। नागरिक-केंद्रित सेवाओं में पश्चिम बंगाल और उत्तर प्रदेश सर्किलों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सराहा गया। पोस्ट ऑफिस सेविंग्स बैंक श्रेणी में छत्तीसगढ़, आंध्र प्रदेश और झारखंड ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। पश्चिम बंगाल और जम्मू-कश्मीर ने पीएलआई/आरपीएलआई (डाक जीवन बीमा) क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 July 2026 8:28 PM IST












