इंटरनेशनल आईडीईए के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार ने भूटान की चुनाव आयुक्त से की मुलाकात

इंटरनेशनल आईडीईए के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार ने भूटान की चुनाव आयुक्त से की मुलाकात
भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त और इंटरनेशनल आईडीईए के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार ने गुरुवार को भूटान की चुनाव आयुक्त सोनम पेल्डेन थाये से भेंट की।

नई दिल्ली, 4 जून (आईएएनएस)। भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त और इंटरनेशनल आईडीईए के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार ने गुरुवार को भूटान की चुनाव आयुक्त सोनम पेल्डेन थाये से भेंट की।

भारत निर्वाचन आयोग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर ज्ञानेश कुमार और सोनम पेल्डेन थाये की मुलाकात की तस्वीरें शेयर कीं। चुनाव आयोग ने एक्स पोस्ट में लिखा, "देश के मुख्य चुनाव आयुक्त और इंटरनेशनल आईडीईए के अध्यक्ष ज्ञानेश कुमार ने नई दिल्ली स्थित निर्वाचन सदन में भूटान की चुनाव आयुक्त सोनम पेल्डेन थाये से मुलाकात की।

बता दें कि नई दिल्ली स्थित इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट में भारत निर्वाचन आयोग ने दो दिवसीय अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन किया। इस सम्मेलन में चुनावी प्रक्रियाओं और अभियानों में मीडिया की भूमिका से जुड़ी वैश्विक सर्वोत्तम प्रथाओं और नवाचारों पर चर्चा हुई।

इस सम्मेलन का उद्देश्य चुनाव प्रबंधन में मीडिया के उपयोग, चुनौतियों और अंतरराष्ट्रीय अनुभवों को साझा करना और बेहतर मानकों को विकसित करना है।

सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा था कि भारत निर्वाचन आयोग 100 करोड़ से अधिक मतदाताओं तक प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने के लिए बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) और बूथ लेवल एजेंट (बीएलए) सहित जमीनी स्तर के चुनावी कार्यकर्ताओं को नियमित प्रशिक्षण प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि हाल के राज्य विधानसभा चुनावों में मतदाताओं की रिकॉर्ड भागीदारी इस बात का प्रमाण है कि चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास लगातार मजबूत हो रहा है।

इस सम्मेलन में 480 से अधिक प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ), निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी (ईआरओ), विषय विशेषज्ञ, शिक्षाविद, शोधकर्ता और चुनावी साक्षरता क्लब (ईएलसी) के सदस्य शामिल थे।

इस सम्मेलन का मुख्य उद्देश्य एक ऐसा व्यावहारिक और ज्ञान-आधारित वैश्विक संसाधन तैयार करना है, जो चुनाव प्रबंधन के विभिन्न आयामों में अंतरराष्ट्रीय अनुभवों, आदर्श मानकों और सर्वोत्तम प्रथाओं को दर्ज कर सके। यह संसाधन 23 जनवरी को आयोजित ‘लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर भारत अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन’ में अपनाई गई ‘दिल्ली घोषणा’ के तहत तैयार की जा रही अंतिम विषयगत रिपोर्ट में योगदान देगा।

यह दो दिवसीय सम्मेलन इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट फॉर डेमोक्रेसी एंड इलेक्टोरल असिस्टेंस की 2026 में भारत की अध्यक्षता के अंतर्गत आयोजित किया गया।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   4 Jun 2026 7:50 PM IST

Tags

Next Story