आईपीएल 2026 अकेले लड़े जेमी ओवरटन, आरआर के सामने 127 रन बना सकी सीएसके

आईपीएल 2026 अकेले लड़े जेमी ओवरटन, आरआर के सामने 127 रन बना सकी सीएसके
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का तीसरा मुकाबला बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के बीच खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके की पूरी टीम 127 रन पर सिमट गई।

गुवाहाटी, 30 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का तीसरा मुकाबला बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) और चेन्नई सुपरकिंग्स (सीएसके) के बीच खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके की पूरी टीम 127 रन पर सिमट गई।

आरआर ने टॉस जीतकर सीएसके को बल्लेबाजी का न्यौता दिया था। आरआर के गेंदबाजों ने बारिश की वजह से पिच को मिली नमी का पूरा फायदा उठाया और सीएसके के बल्लेबाजों पर कहर बनकर टूटे। तेज गेंदबाज हों या फिर स्पिनर सीएसके के बल्लेबाजों के लिए आरआर के हर गेंदबाज को झेलना मुश्किल हो रहा था।

संजू सैमसन और ऋतुराज गायकवाड़ सीएसके को मजबूत शुरुआत नहीं दे सके। दोनों 6-6 रन बनाकर आउट हुए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे आयुष म्हात्रे अपना खाता भी नहीं खोल सके। मैथ्यू शॉट भी 2 रन बनाकर आउट हो गए। टीम के शीर्ष 4 बल्लेबाजों में कोई भी दो अंकों में नहीं पहुंच सका। टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही और 19.4 ओवर में 127 रन पर सिमट गई।

आठवें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए आए जेमी ओवरटन ने टीम के लिए अकेले लड़ाई लड़ी। ओवरटन ने 36 गेंदों पर 2 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 43 रन बनाकर टीम का स्कोर 127 तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया। आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर रन आउट होने से पहले ओवरटन ने दसवें विकेट के लिए अंशुल कंबोज (नाबाद 7) के साथ 33 रन की साझेदारी की। इसके अलावा, सरफराज खान ने 17 और कार्तिक शर्मा ने 18 रन बनाए।

2012 से 2015 और 2018 से 2025 तक सीएसके का हिस्सा रहे दिग्गज ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने आरआर के लिए खेलते हुए अपने पहले ही मैच में अपनी पुरानी टीम को एक ही ओवर में दो बड़े झटके दिए। जडेजा ने एक ही ओवर में शिवम दुबे और सरफराज खान जैसे धाकड़ बल्लेबाजों को आउट किया।

राजस्थान रॉयल्स के लिए जोफ्रा आर्चर ने 4 ओवर में 19 रन देकर 2, नांद्रे बर्गर ने 4 ओवर में 26 रन देकर 2, और रवींद्र जडेजा ने 3 ओवर में 18 रन देकर 2 विकेट लिए। ब्रिजेश शर्मा, संदीप शर्मा और रवि बिश्नोई को 1-1 विकेट मिला।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   30 March 2026 9:28 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story