आईपीएल 2026 आयुष-शिवम की दमदार पारी, पीबीकेएस के खिलाफ सीएसके ने 5 विकेट खोकर बनाए 209 रन

आईपीएल 2026 आयुष-शिवम की दमदार पारी, पीबीकेएस के खिलाफ सीएसके ने 5 विकेट खोकर बनाए 209 रन
आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगाए। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से आयुष म्हात्रे और शिवम दुबे ने दमदार पारियां खेलीं।

चेन्नई, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के सातवें मुकाबले में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) की भिड़ंत पंजाब किंग्स (पीबीकेएस) के साथ हो रही है। एमए चिदंबरम क्रिकेट स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए सीएसके ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 209 रन लगाए। चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से आयुष म्हात्रे और शिवम दुबे ने दमदार पारियां खेलीं।

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही। संजू सैमसन एक बार फिर बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और महज 7 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, इसके बाद कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ के साथ मिलकर आयुष म्हात्रे ने टीम की पारी को संभाला और दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 96 रन जोड़े। ऋतुराज 22 गेंदों में 2 चौके लगाने के बाद 28 रन बनाकर आउट हुए। हालांकि, आयुष ने एक छोर से अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और 43 गेंदों में 73 रनों की दमदार पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 6 चौके और 5 छक्के लगाए।

युवा बल्लेबाज कार्तिक शर्मा ने एक बार फिर निराश किया और वह महज एक रन ही बना सके। हालांकि, सरफराज खान बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने सिर्फ 12 गेंदों का सामना करते हुए 266 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 32 रन बनाए। सरफराज ने अपनी छोटी, लेकिन आतिशी पारी के दौरान 6 चौके और एक छक्का लगाया।

अंतिम ओवरों में शिवम दुबे ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 28 गेंदों में 160 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए नाबाद 45 रन बनाए। शिवम ने अपनी पारी के दौरान 5 चौके और एक छक्का लगाया। वहीं, प्रशांत वीर अपने डेब्यू मुकाबले में 6 रन बनाकर नाबाद रहे। गेंदबाजी में पंजाब किंग्स की तरफ से विजयकुमार वैशाक ने 38 रन देकर सर्वाधिक 2 विकेट निकाले। वहीं, युजवेंद्र चहल और मार्को जानसेन ने एक-एक विकेट चटकाया।

ऋतुराज गायकवाड़ की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स इस मुकाबले में संजू सैमसन (विकेटकीपर), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, मैट हेनरी और खलील अहमद के साथ मैदान पर उतरी है।

श्रेयस अय्यर की कप्तानी में पंजाब किंग्स इस मुकाबले में प्रभसिमरन सिंह, कूपर कोनोली, शशांक सिंह, नेहल वढेरा, मार्कस स्टोइनिस, मार्को जानसेन, जेवियर बार्टलेट, विजय कुमार वैशाक, अर्शदीप सिंह और युजवेंद्र चहल के साथ खेल रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   3 April 2026 9:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story