आईपीएल 2026 बल्लेबाजों का स्वर्ग मानी जाने वाली पिच पर आरसीबी के गेंदबाजों का कहर देखना अच्छा था

आईपीएल 2026 बल्लेबाजों का स्वर्ग मानी जाने वाली पिच पर आरसीबी के गेंदबाजों का कहर देखना अच्छा था
आईपीएल 2026 में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। मैच में रनों की बारिश की उम्मीद थी, लेकिन हुआ ठीक इसके उल्टा। बल्लेबाजों की जगह गेंदबाजों का कहर देखना काफी सुखद रहा।

नई दिल्ली, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 में सोमवार को दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बीच अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में मुकाबला खेला गया। मैच में रनों की बारिश की उम्मीद थी, लेकिन हुआ ठीक इसके उल्टा। बल्लेबाजों की जगह गेंदबाजों का कहर देखना काफी सुखद रहा।

अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम को बल्लेबाजों को अनुकूल माना जाता है। 25 अप्रैल को इसी स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स के बीच मुकाबला हुआ था। डीसी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 264 रन बनाए थे और पंजाब किंग्स ने 18.5 ओवर में ही 265 रन बनाकर मैच 6 विकेट से जीत लिया। मैच के दौरान दोनों ही टीमों के गेंदबाज असहाय, निराश और हताश नजर आए थे।

27 अप्रैल को अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम का नजारा बिल्कुल अलग था। बल्लेबाजी के अनुकूल माने जाने वाले और कुछ घंटे पहले ही रनों की बारिश देखने वाले स्टेडियम में ऐसा लग रहा था कि दिल्ली के बल्लेबाजों को रन बनाना ही नहीं आता। फिर चाहे अपना डेब्यू कर रहे साहिल पारेख हों या टी20 फॉर्मेट के सबसे खतरनाक बल्लेबाज माने जाने वाले ट्रिस्टन स्टब्स और डेविड मिलर। किसी का बल्ला उठ नहीं रहा था तो कोई गेंद तक नहीं पहुंच पा रहा था।

दिल्ली में सोमवार की शाम को आंधी आई थी, लेकिन अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम में आरसीबी के गेंदबाजों की आंधी थी जिसमें डीसी के बल्लेबाजों का विकेट पेड़ की पत्तों की तरह झड़ रहा था। भुवनेश्वर कुमार (3 ओवर में 5 रन देकर 3 विकेट) और जोश हेजलवुड (3.3 ओवर में 12 रन देकर 4 विकेट) की तेज रफ्तार वाली गेंद हो या फिर सुयश शर्मा (4 ओवर में 7 रन देकर 1 विकेट) और क्रुणाल पांड्या (2 ओवर 9 रन 1 विकेट) की स्पिन, डीसी के बल्लेबाजों के पल्ले कुछ भी नहीं पड़ रहा था। 2 दिन पहले पंजाब के गेंदबाजों के सामने शेर की तरह नजर आए डीसी के बल्लेबाज आरसीबी के गेंदबाजों के सामने सहमी बिल्ली नजर आ रहे थे।

इनस्विंग, आउट स्विंग, यॉर्कर, बाउंसर, गुगली आरसीबी के गेंदबाजों ने गेंदबाजी के सभी तीर चलाए और हर बार डीसी के बल्लेबाज पस्त नजर आए। एक समय ऐसा था जब डीसी अपने 6 विकेट 8 रन पर गंवा चुकी थी। ऐसा लग रहा था कि आईपीएल इतिहास का सबसे न्यूनतम स्कोर आ रहा है, लेकिन इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आए अभिषेक पोरेल ने 30 रन बनाकर डीसी को किसी तरह 75 तक पहुंचाया। इसी स्कोर पर पूरी टीम 16.3 ओवरों में सिमट गई। आरसीबी ने 6.3 ओवरों में 1 विकेट पर 77 रन बनाकर मैच 9 विकेट से जीत लिया।

बल्लेबाजी के लिए स्वर्ग मानी जाने वाली अरुण जेटली क्रिकेट स्टेडियम की पिच पर आरसीबी के गेंदबाजों का कहर देखना काफी सुकून देने वाला था।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 April 2026 9:39 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story