आईपीएल 2026 जीटी ने आरसीबी के खिलाफ बनाया अपना सबसे बड़ा स्कोर

आईपीएल 2026 जीटी ने आरसीबी के खिलाफ बनाया अपना सबसे बड़ा स्कोर
आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से हो रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटी ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 205 रन बनाए। यह गुजरात टाइटंस का आरसीबी के खिलाफ आईपीएल में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है।

बेंगलुरु, 24 अप्रैल (आईएएनएस)। आईपीएल 2026 के 34वें मुकाबले में शुक्रवार को गुजरात टाइटंस (जीटी) का सामना रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) से हो रहा है। पहले बल्लेबाजी करते हुए जीटी ने 20 ओवर में 3 विकेट खोकर 205 रन बनाए। यह गुजरात टाइटंस का आरसीबी के खिलाफ आईपीएल में अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी है।

इससे पहले, साल 2024 में गुजरात टाइटंस ने आरसीबी के खिलाफ 3 विकेट गंवाकर 200 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए थे, जो टीम का अब तक का सर्वाधिक स्कोर था। जीटी को कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने बेहतरीन शुरुआत दी। दोनों ने मिलकर पहले विकेट के लिए सिर्फ 12.4 ओवर में 128 रनों की साझेदारी निभाई। यह जीटी की तरफ से आरसीबी के खिलाफ किसी भी विकेट के लिए की गई सबसे बड़ी साझेदारी भी है।

शुभमन गिल ने 24 गेंदों में 32 रनों का योगदान दिया। वहीं, साई सुदर्शन ने अपने आईपीएल करियर का तीसरा शतक लगाया। उन्होंने 58 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की शानदार पारी खेली। अपनी इस पारी में उन्होंने 11 चौके और 5 गगनचुंबी छक्के लगाए। अपनी इस पारी के दौरान सुदर्शन आईपीएल में सबसे तेज 2 हजार रन पूरे करने वाले बल्लेबाज भी बने। उन्होंने यह मुकाम महज 47वीं पारी में हासिल किया। वह शुभमन गिल के बाद आईपीएल में 2 हजार रन पूरे करने वाले गुजरात टाइटंस की ओर से दूसरे बल्लेबाज भी बने।

नंबर तीन पर बल्लेबाजी करने उतरे जोस बटलर ने 16 गेंदों का सामना करते हुए 25 रन बनाए। वहीं, वॉशिंगटन सुंदर 12 गेंदों में 19 रन बनाकर नाबाद रहे। अंत के ओवरों में गुजरात टाइटंस की ओर से इस सीजन पहला मैच खेल रहे जेसन होल्डर ने सिर्फ 10 गेंदों का सामना करते हुए 23 रनों की दमदार पारी खेली। गेंदबाजी में आरसीबी की तरफ से भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा और जोश हेजलवुड ने एक-एक विकेट चटकाया।

गुजरात टाइटंस की टीम इस मुकाबले में दो बदलाव के साथ मैदान पर उतरी है। जेसन होल्डर और मानव सुथार को अंतिम एकादश में शामिल किया गया है, जबकि ग्लेन फिलिप्स को बाहर का रास्ता दिखाया गया है। वहीं, आरसीबी ने चोटिल फिल साल्ट के स्थान पर जैकब बेथेले को मौका दिया है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   24 April 2026 10:22 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story