आईपीएल 2026 जीत के साथ अभियान की शुरुआत करना चाहेंगी राजस्थान रॉयल्स और चेन्नई सुपर किंग्स

गुवाहाटी, 29 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (2026) में सोमवार को सीजन-1 की विजेता राजस्थान रॉयल्स (आरआर) का सामना पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (सीएसके) से होगा। यह मुकाबला बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा, जिसमें दोनों ही टीमें जीत के साथ अपना अभियान शुरू करना चाहेंगी।
इस मुकाबले में संजू सैमसन पर सभी की निगाहें होंगी, जो उस टीम के विरुद्ध खेलने उतरेंगे, जिसकी कप्तानी कर चुके हैं। उनकी कप्तानी में राजस्थान रॉयल्स साल 2022 में फाइनल तक पहुंची थी, लेकिन आज ये खिलाड़ी सीएसके की जर्सी में है। संजू सैमसन टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत की खिताबी जीत के हीरो रहे थे। उन्होंने वेस्टइंडीज, इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के खिलाफ लगातार तीन मुकाबलों में अर्धशतक जड़े थे। दूसरी ओर, ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा अपनी पुरानी टीम के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते नजर आने वाले हैं।
पिंडली की मांसपेशियों में खिंचाव की वजह से महेंद्र सिंह धोनी कम से कम दो हफ्तों तक टीम से बाहर हैं। इससे सैमसन और गायकवाड़ पर अतिरिक्त जिम्मेदारी बढ़ती है।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम में उभरते हुए खिलाड़ियों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा, जिनमें 20 वर्षीय स्पिन-गेंदबाज ऑलराउंडर प्रशांत वीर और घरेलू क्रिकेट में अपनी पावर हिटिंग के दम पर सुर्खियां बटोरने वाले, अनकैप्ड खिलाड़ी कार्तिक शर्मा शामिल हैं।
राजस्थान के लिए, सैमसन का टीम से जाना एक अहम अध्याय के समापन और रियान पराग के नेतृत्व में एक नए दौर की शुरुआत का संकेत है। रियान पराग अपने घरेलू मैदान पर टीम की कप्तानी करेंगे। जडेजा के जुड़ने से टीम को और मजबूती और अनुभव मिलेगा।
रॉयल्स की बल्लेबाजी मुख्य रूप से यशस्वी जायसवाल के इर्द-गिर्द ही घूमेगी, जो अब टीम के ऊपरी क्रम में एक वरिष्ठ खिलाड़ी के तौर पर ज्यादा बड़ी जिम्मेदारी निभाएंगे। उन्हें होनहार युवा खिलाड़ी वैभव सूर्यवंशी और शानदार फॉर्म में चल रहे शिमरोन हेटमायर का साथ मिलेगा। ये दोनों ही विस्फोटक शुरुआत देने में सक्षम हैं।
हालांकि, राजस्थान रॉयल्स की गेंदबाजी यूनिट अभी भी चिंता का विषय बनी हुई है। पिछले साल की मुश्किलों के बाद टीम में काफी बदलाव किए गए थे, लेकिन अब भी उनकी गेंदबाजी में निरंतरता पर सवाल बना हुआ है, खासकर जोफ्रा आर्चर की अगुवाई वाले तेज गेंदबाजी विभाग में। स्पिन गेंदबाजी की मुख्य जिम्मेदारी जडेजा और रवि बिश्नोई के कंधों पर होगी।
राजस्थान रॉयल्स की टीम: रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल, डोनोवन फरेरा, लुआन-ड्रे प्रीटोरियस, रवि सिंह, अमन पेराला, शिमरोन हेटमायर, शुभम दुबे, वैभव सूर्यवंशी, यशस्वी जायसवाल, रवींद्र जडेजा, दासुन शनाका, एडम मिल्ने, बृजेश शर्मा, जोफ्रा आर्चर, कुलदीप सेन, क्वेना मफाका, नांद्रे बर्गर, रवि बिश्नोई और संदीप शर्मा।
चेन्नई सुपर किंग्स की टीम: संजू सैमसन, डेवाल्ड ब्रेविस, शिवम दुबे, रुतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, मैट हेनरी, अकील हुसैन, नूर अहमद, जेमी ओवरटन, मैथ्यू शॉर्ट, खलील अहमद, जैक फाउल्क्स, अंशुल कंबोज, नाथन एलिस, सरफराज खान, राहुल चाहर, कार्तिक शर्मा, उर्विल पटेल, अमन खान, रामकृष्ण घोष, प्रशांत वीर, श्रेयस गोपाल, स्पेंसर जॉनसन, गुरजपनीत सिंह और मुकेश चौधरी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   29 March 2026 6:31 PM IST











