आईपीएल 2026 सनराइजर्स हैदराबाद के खेमे में बदलाव, मावी की जगह अंबरीश टीम में शामिल
नई दिल्ली, 1 मई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के बीच सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने अपने खेमे में बदलाव किया है। सीजन के शेष मुकाबलों के लिए शिवम मावी की जगह सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर आरएस अंबरीश को टीम में शामिल किया गया है।
दाएं हाथ के मीडियम पेसर मावी ग्रोइन इंजरी (जांघ के ऊपरी हिस्से में चोट) के कारण इस सीजन से बाहर हो गए हैं, जिसके चलते एसआरएच को उनकी जगह अंबरीश को टीम में शामिल करना पड़ा। शुक्रवार को आईपीएल की तरफ से जारी बयान में कहा गया, "दाएं हाथ के मीडियम पेसर और बाएं हाथ के बल्लेबाज अंबरीश 30 लाख रुपए में एसआरएच से जुड़ेंगे।"
चेन्नई के रहने वाले अंबरीश इस साल की शुरुआत में जिम्बाब्वे और नामीबिया में हुए आईसीसी मेंस अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत की जीत का हिस्सा थे, जहां वे टूर्नामेंट के सबसे बेहतरीन खिलाड़ियों में से एक बनकर उभरे।
अंबरीश ने 11 विकेट लेकर भारत के लिए संयुक्त रूप से सर्वाधिक विकेट लेने वाले गेंदबाज के तौर पर टूर्नामेंट खत्म किया। इसके साथ ही टीम को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने की काबिलियत ने उन्हें भारतीय क्रिकेट के टैलेंट पूल में सबसे होनहार युवा खिलाड़ियों में से एक के तौर पर पहचान दिलाई।
इससे पहले, एसआरएच ने अपने पेस अटैक को मजबूती देने के लिए गेराल्ड कोएत्जी और दिलशान मदुशंका को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी के तौर पर टीम में शामिल किया था। साउथ अफ्रीकी पेसर कोएत्जी अप्रैल में डेविड पेन की जगह टीम से जुड़े थे। पेन टखने की चोट के कारण टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।
इंग्लैंड के तेज गेंदबाज पेन को खुद ऑस्ट्रेलिया के ऑलराउंडर जैक एडवर्ड्स की जगह टीम में शामिल किया गया था, जो पैर की चोट के कारण बाहर हो गए थे। वहीं, श्रीलंकाई तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका को एसआरएच की टीम में तब शामिल किया गया, जब ब्रायडन कार्स नेट्स में हाथ में चोट लगने के कारण बाहर हो गए थे।
सनराइजर्स हैदराबाद 9 में से 6 मैच जीतकर प्वाइंट्स टेबल में तीसरे पायदान पर मौजूद है। पैट कमिंस की कप्तानी वाली यह टीम रविवार को राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में तीन बार की चैंपियन कोलकाता नाइट राइडर्स की मेजबानी करेगी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   1 May 2026 4:52 PM IST












