आईपीएल 2026 'वह एक संपूर्ण क्रिकेटर हैं', लुंगी एनगिडी ने आकिब नबी को सराहा

नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली कैपिटल्स (डीसी) के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी ने अपने साथी खिलाड़ी और उभरते हुए गेंदबाज आकिब नबी डार की तारीफ की है। उन्होंने नबी को एक संपूर्ण क्रिकेटर बताया है। एनगिडी ने कहा कि रणजी ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन करने वाले नबी से वह पहले नेट सेशन में ही खासा प्रभावित हुए थे।
आकिब नबी को आईपीएल 2026 के ऑक्शन में डीसी ने 8.40 करोड़ रुपये में खरीदा था। इससे पहल आकिब कई फ्रेंचाइजियों के साथ नेट गेंदबाज के तौर पर काम कर चुके थे। आकिब नबी ने अपनी शानदार गेंदबाजी के दम पर जम्मू-कश्मीर को पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने 10 मुकाबलों में 12.56 की औसत से 60 विकेट चटकाए थे।
हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ अपने आईपीएल डेब्यू मैच में नबी को सिर्फ 2 ओवर ही गेंदबाजी करने के लिए मिले थे, जिसमें उन्होंने बिना कोई विकेट चटकाए 17 रन दिए थे। एनगिडी ने गुरुवार को दिल्ली कैपिटल्स द्वारा आयोजित एक वर्चुअल राउंडटेबल बातचीत में 'आईएएनएस' को बताया। "आकिब के बारे में बात करें तो जब मुझे पता चला कि मैं दिल्ली आ रहा हूं और वह भी यहां आ रहे हैं, तभी मैंने उनके बारे में सारी खबरें देखीं। फिर मैंने उनके बारे में पढ़ना शुरू किया और पिछले सीजन में उनकी सफलता के बारे में जाना कि उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से कितना शानदार प्रदर्शन किया था। इसी कारण मैं उनसे मिलने के लिए बहुत उत्साहित था।
एनगिडी ने नबी की तारीफ करते हुए आगे कहा, "मैं इस खिलाड़ी से मिलना चाहता था क्योंकि इस समय भारतीय क्रिकेट में वह चर्चा का सबसे बड़ा विषय बने हुए हैं। मैं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों की बात नहीं कर रहा हूं, क्योंकि वे तो हमेशा ही खबरों में बने रहते हैं। आप उन्हें हमेशा देखते ही रहते हैं और यह ठीक भी है, लेकिन असली बात तो उन खिलाड़ियों की है जो रणजी ट्रॉफी और इस तरह के दूसरे टूर्नामेंट खेल रहे होते हैं। ये टूर्नामेंट ही उन्हें आईपीएल और भारतीय टीम में जगह बनाने का मौका देते हैं। जब मुझे पता चला कि पिछले सीजन में उन्होंने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया था, तो मैं उनसे मिलना चाहता था। फिर जब मैं उनसे मिला, तो मुझे एहसास हुआ कि वह कितने कुशल क्रिकेटर हैं। हम इस बारे में बात कर रहे थे कि अब वह ऑफ-स्टंप के ऊपरी हिस्से को हिट कर सकते हैं, लेकिन वह गेंद को दोनों तरफ स्विंग भी करा सकते हैं। वह यॉर्कर डाल सकते हैं, अच्छी गति से गेंदबाजी करते हैं और बल्ले से भी अहम योगदान दे सकते हैं।"
एनगिडी ने बताया कि वह आकिब नबी के कौशल से ज्यादा वह उनके शांत स्वभाग, जमीन से जुड़े होने और मेहनती रवैया से प्रभावित हैं। उन्होंने कहा, "वह एक संपूर्ण क्रिकेटर हैं और वह बहुत ही विनम्र इंसान हैं। वह बहुत अच्छे और शांत स्वभाव के व्यक्ति हैं। इसी वजह से मुझे ऐसे लोग पसंद हैं। जाहिर है कि वह कड़ी मेहनत करते हैं। मुझे लगता है कि हमारी आपस में अच्छी जम गई, जैसे हमें एक-दूसरे से ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं पड़ती, लेकिन हम आपस में अच्छी तरह से बातचीत कर लेते हैं और हमारी आपस में अच्छी बनती है। मेरे लिए ऐसे क्रिकेटरों से मिलना अच्छा लगता है जो इस सिस्टम में अपनी जगह बनाने की कोशिश कर रहे हैं।"
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 April 2026 4:46 PM IST












