आईपीएल में 2008 से 2025 तक पर्पल कैप जीतने वाले गेंदबाज

नई दिल्ली, 19 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) का आगाज 28 मार्च से होगा। आईपीएल में पहली बार पर्पल कैप को जीतने वाले गेंदबाज सोहेल तनवीर थे। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए तनवीर ने 22 विकेट निकाले थे। आइए आपको 2008 से 2025 तक पर्पल कैप जीतने वाले गेंदबाजों के नाम बताते हैं।
आईपीएल 2008: आईपीएल के पहले सीजन में पर्पल कैप को जीतने वाले गेंदबाज सोहेल तनवीर रहे थे। तनवीर ने आईपीएल 2008 में बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए कुल 22 विकेट निकाले थे। तनवीर के शानदार प्रदर्शन के बूते राजस्थान रॉयल्स की टीम इस साल हर किसी को चौंकाते हुए चैंपियन बनी थी।
आईपीएल 2009: आईपीएल 2009 में भारतीय तेज गेंदबाज रूद्र प्रताप सिंह ने पर्पल कैप को अपने नाम किया था। डेक्कन चार्जर्स की ओर से खेलते हुए आरपी सिंह ने 16 मुकाबलों में कुल 23 विकेट निकाले थे। आरपी के बेहतरीन प्रदर्शन के बूते डेक्कन चार्जर्स की टीम खिताब को अपने नाम करने में सफल रही थी।
आईपीएल 2010: डेक्कन चार्जर्स की तरफ से खेलते हुए, आईपीएल 2010 में प्रज्ञान ओझा पर्पल कैप को जीतने वाले गेंदबाज रहे थे। प्राज्ञन ने इस सीजन बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए थे और उन्होंने 16 मुकाबलों में 21 विकेट निकाले थे।
आईपीएल 2011: आईपीएल 2011 में मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए लसिथ मलिंगा का प्रदर्शन लाजवाब रहा था। मलिंगा ने अपनी गेंदबाजी से हर किसी को खासा प्रभावित किया था और उन्होंने 16 मुकाबलों में 28 विकेट झटके थे।
आईपीएल 2012: दिल्ली डेयरडेविल्स की जर्सी में मोर्ने मोर्कल का प्रदर्शन शानदार रहा था। मोर्कल ने इस सीजन बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए कुल 25 विकेट चटकाए थे और पर्पल कैप को अपने नाम किया था।
आईपीएल 2013: चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए ड्वेन ब्रावो ने आईपीएल 2013 में पर्पल कैप पर कब्जा जमाया था। ब्रावो ने इस साल बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए कुल 32 विकेट निकाले थे। ब्रावो के दमदार प्रदर्शन के बूते चेन्नई की टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही थी। हालांकि, खिताबी मुकाबले में टीम को मुंबई इंडियंस के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।
आईपीएल 2014: आईपीएल 2014 में मोहित शर्मा की गेंदबाजी के आगे बल्लेबाज पूरी तरह से बेबस दिखाई दिए थे। मोहित ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 23 विकेट चटकाए थे। मोहित के शानदार प्रदर्शन के बूते चेन्नई ने दूसरे क्वालीफायर तक का सफर तय किया था।
आईपीएल 2015: आईपीएल 2015 में ड्वेन ब्रावो दूसरी बार पर्पल कैप को जीतने में सफल रहे थे। ब्रावो ने चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए इस सीजन 26 विकेट निकाले थे। ब्रावो के प्रदर्शन के दम पर चेन्नई सुपर किंग्स फाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही थी।
आईपीएल 2016: सनराइजर्स हैदराबाद की ओर से खेलते हुए भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2016 में अपनी गेंदबाजी से खासा प्रभावित किया था। भुवनेश्वर ने इस सीजन लाजवाब प्रदर्शन करते हुए 23 विकेट अपने नाम किए थे।
आईपीएल 2017: आईपीएल 2017 में भी भुवनेश्वर कुमार पर्पल कैप को जीतने में सफल रहे थे। भुवनेश्वर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 26 विकेट निकाले थे। भुवनेश्वर की शानदार गेंदबाजी के चलते सनराइजर्स हैदराबाद एलिमिनेटर तक पहुंचने में सफल रही थी।
आईपीएल 2018: किंग्स इलेवन पंजाब (पंजाब किंग्स) की ओर से खेलते हुए एंड्रयू टाय ने अपनी गेंदबाजी से हर किसी का दिल जीता था। आईपीएल 2018 में टाय ने लाजवाब प्रदर्शन करते हुए 14 मुकाबलों में कुल 24 विकेट अपने नाम किए थे।
आईपीएल 2019: आईपीएल 2019 में चेन्नई सुपर किंग्स की तरफ से खेलते हुए इमरान ताहिर पर्पल कैप को जीतने में सफल रहे थे। ताहिर ने इस सीजन बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 26 विकेट चटकाए थे।
आईपीएल 2020: दिल्ली कैपिटल्स की जर्सी में कगिसो रबाडा ने आईपीएल 2020 में पर्पल कैप को अपने नाम किया था। रबाडा ने 17 मुकाबलों में 30 विकेट निकाले थे, जिसके चलते दिल्ली की टीम फाइनल तक पहुंचने में सफल रही थी। हालांकि, खिताबी मुकाबले में टीम को मुंबई के खिलाफ हार झेलनी पड़ी थी।
आईपीएल 2021: आईपीएल 2021 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की तरफ से खेलते हुए हर्षल पटेल सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे थे। हर्षल ने इस सीजन कुल 32 विकेट निकाले थे और पर्पल कैप को अपने नाम किया था।
आईपीएल 2022: आईपीएल 2022 में युजवेंद्र चहल बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए थे। राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए चहल ने कुल 27 बल्लेबाजों को अपने स्पिन जाल में फंसाया था और पर्पल कैप जीती थी।
आईपीएल 2023: भारतीय तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी के लिए आईपीएल 2023 यादगार रहा था। गुजरात टाइटंस की तरफ से खेलते हुए शमी ने कुल 28 विकेट निकाले थे और पर्पल कैप पर कब्जा जमाया था।
आईपीएल 2024: आईपीएल 2024 में हर्षल पटेल दूसरी बार पर्पल कैप को जीतने में सफल रहे थे। हर्षल ने पूरे सीजन बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 24 विकेट चटकाए थे। हालांकि, उनके शानदार प्रदर्शन के बावजूद पंजाब की टीम प्वाइंट्स टेबल में 9वें नंबर पर रही थी।
आईपीएल 2025: गुजरात टाइटंस की जर्सी में आईपीएल 2025 में प्रसिद्ध कृष्णा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया था। कृष्णा ने पिछले सीजन बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 15 मुकाबलों में 25 विकेट झटके थे। प्रसिद्ध की शानदार गेंदबाजी के बूते गुजरात की टीम एलिमिनेटर तक पहुंचने में सफल रही थी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   19 March 2026 7:19 PM IST











