आईपीएल प्रसारण के लिए बांग्लादेश सरकार ने दरवाजे खोले

आईपीएल प्रसारण के लिए बांग्लादेश सरकार ने दरवाजे खोले
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है, जिससे पहले बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में इस लीग के प्रसारण के लिए दरवाजे खोल दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नवनियुक्त सूचना और प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा है कि बांग्लादेश में आगामी आईपीएल सीजन के प्रसारण पर कोई रोक नहीं है।

नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 की शुरुआत शनिवार से होने जा रही है, जिससे पहले बांग्लादेश सरकार ने अपने देश में इस लीग के प्रसारण के लिए दरवाजे खोल दिए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नवनियुक्त सूचना और प्रसारण मंत्री जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा है कि बांग्लादेश में आगामी आईपीएल सीजन के प्रसारण पर कोई रोक नहीं है।

'डॉयचे वेले' के मुताबिक, जहीर उद्दीन स्वपन ने कहा, "आईपीएल प्रसारण के लिए किसी ने भी हमसे आवेदन नहीं किया है। हम खेल में राजनीति को नहीं मिलाना चाहते। हम इसे एक व्यावसायिक नजरिए से देखेंगे। अगर कोई चैनल आईपीएल के प्रसारण के लिए आवेदन करता है, तो हम उस पर सकारात्मक रूप से विचार करेंगे।"

इससे पहले, युवा और खेल मामलों के राज्य मंत्री अमीनुल हक ने 'क्रिकबज' को बताया था कि वह पिछली अंतरिम सरकार की ओर से आईपीएल प्रसारण पर बैन लगाए जाने के बाद इसके संबंध में संबंधित अधिकारियों से बात करेंगे।

जब स्वपन से पूछा गया कि क्या स्टार स्पोर्ट्स आईपीएल का प्रसारण कर सकता है, तो स्वपन ने ऐसा होने के संकेत देते हुए कहा, "हम किसी को भी इसके प्रसारण से नहीं रोकेंगे। अगर स्टार स्पोर्ट्स इसका प्रसारण करना चाहता है, तो वह कर सकता है। अगर हमारे चैनलों में से कोई इसका प्रसारण करना चाहता है, तो हम इसे सकारात्मक रूप से लेंगे, लेकिन हम किसी पर कोई जोर-जबरदस्ती नहीं करेंगे।"

बांग्लादेश के केबल ऑपरेटर्स एसोसिएशन के कार्यालय सचिव, रेजाउल करीम लबलू का कहना है कि वे स्टार स्पोर्ट्स को आईपीएल का प्रसारण करने से नहीं रोकेंगे, क्योंकि इस संबंध में सरकार की ओर से कोई निर्देश नहीं मिला है।

आईपीएल 2026 का पहला मैच 28 मार्च को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) के बीच खेला जाएगा। इसके अगले दिन मुंबई इंडियंस (एमआई) की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) का सामना करेगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने कुछ दिनों पहले इस सीजन के दूसरे फेज का शेड्यूल जारी किया है। लीग चरण के मुकाबले 24 मई तक खेले जाने हैं। प्लेऑफ मुकाबलों का शेड्यूल कुछ दिनों में जारी किए जाने की उम्मीद है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   28 March 2026 8:09 AM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story