ईरान ने टोगो के झंडे वाले जहाज पर गोलीबारी की थी, कुछ भारतीय नाविक थे मौजूद भारत सरकार
नई दिल्ली, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। भारत सरकार ने 25 अप्रैल को ईरानी कोस्ट गार्ड की ओर से टोगो के झंडे वाले जहाज पर फायरिंग की जानकारी दी है। इस जहाज में कुछ भारतीय क्रू सदस्य मौजूद थे। सरकार के अनुसार चेतावनी के तौर पर ये गोलीबारी की गई थी।
सोमवार को, पश्चिम एशिया में हाल के घटनाक्रमों पर अंतर-मंत्रालयी ब्रीफिंग के दौरान पोर्ट्स, शिपिंग और जलमार्ग मंत्रालय के निदेशक मनदीप सिंह रंधावा ने इसकी जानकारी दी। मंत्रालय के अनुसार, ओमान के शिनास आउटर पोर्ट के पास से कई जहाज गुजर रहे थे, इनमें से एक टोगो के झंडे वाला केमिकल टैंकर एमटी सिरोन भी था। इन जहाजों को रोकने की कोशिश की गई और चेतावनी के तौर पर कुछ गोलियां चलाई गईं।
मंत्रालय के मुताबिक सभी भारतीय नाविक सुरक्षित हैं। किसी भी भारतीय झंडे वाले जहाज को इस घटना से कोई नुकसान नहीं पहुंचा है और विदेश मंत्रालय, भारतीय मिशनों और समुद्री क्षेत्र से जुड़े पक्षों के लगातार संपर्क में है। पिछले चौबीस घंटे में ऐसी कोई भी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।
सरकार ने बताया कि हालात पर नजर रखी जा रही है और फिलहाल चिंता की कोई बात नहीं है।
वहीं विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने भारत के उन प्रयासों का जिक्र किया जिसके जरिए संबंधों को बेहतर बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के निर्देश पर भारत ने खाड़ी देशों के साथ अपने संपर्क और सहयोग को लगातार बढ़ाया है। राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार ने 25 और 26 अप्रैल को संयुक्त अरब अमीरात की आधिकारिक यात्रा की। उन्होंने यूएई के राष्ट्रपति से मुलाकात की, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री का संदेश और शुभकामनाएं पहुंचाईं।"
उन्होंने आगे कहा कि दोनों पक्षों ने भारत-यूएई व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की। उन्होंने क्षेत्रीय स्थिति और आपसी हित के अन्य मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया। यह एक महीने के भीतर भारत से यूएई की दूसरी उच्च-स्तरीय यात्रा है। इससे पहले, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने 11 और 12 अप्रैल को यूएई का दौरा किया था। उन्होंने अपने समकक्ष से मुलाकात की और यूएई के राष्ट्रपति से भी भेंट की, जहां उन्होंने संघर्ष के दौरान भारतीय समुदाय के कल्याण को सुनिश्चित करने के लिए आभार व्यक्त किया था।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   27 April 2026 8:29 PM IST












