ईरानी फिल्ममेकर कियारोस्तामी के घर पर बमबारी, विदेश मंत्रालय का सवाल- क्या वो भी था खतरा?
तेहरान, 25 मार्च (आईएएनएस)। ईरान के मशहूर और कई पुरस्कारों के विजेता रहे दिवंगत फिल्ममेकर अब्बास कियारोस्तामी का घर अमेरिका-इजरायल की बमबारी में क्षतिग्रस्त हो गया। उनके बेटे अहमद कियारोस्तामी ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। अब ईरानी विदेश मंत्रालय ने तंज कसते हुए सवाल किया है कि क्या वो घर भी अमेरिका के लिए खतरा था?
सोमवार रात ईरान के शिराज जिले पर कई बम बरसाए गए थे। इनमें से एक 'टेस्ट ऑफ चेरी' और 'सर्टिफाइड कॉपी' जैसी बेहतरीन फिल्में बनाने वाले दिवंगत निर्देशक के घर पर गिरा था। इसके बाद बेटे ने एक्स पर लिखा कि रात (सोमवार) की बमबारी में शिराज को निशाना बनाया गया। वहां मेरी मां और मेरे पिता दोनों के घर हैं। पिछली रात, मेरी मां ने फोन किया। कांपती और टूटी हुई आवाज में मुझे अपनी सलामती की खबर दी, लेकिन मंगलवार सुबह मुझे पता चला कि मेरे पिता के घर को नुकसान पहुंचा है।”
इस हमले पर ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने एक्स पर लिखा, “क्या कियारोस्तामी का घर भी अमेरिका के लिए कहे जा रहे ‘आने वाले खतरे’ का हिस्सा था?! सच तो यह है कि यह अमेरिका-इजरायल की मनमर्जी की लड़ाई सिर्फ एक देश के खिलाफ नहीं है बल्कि उसकी गहरी जड़ों वाली संस्कृति, सभ्यता और पहचान के खिलाफ है।"
अब्बास कियारोस्तामी, जिनकी 2016 में मौत हो गई थी, ईरान के सबसे मशहूर निर्देशकों में से एक थे। उन्होंने 1997 में 'टेस्ट ऑफ चेरी' के लिए कान्स फिल्म समारोह में पाल्मे डी'ओर जीता। उनके अंतर्राष्ट्रीय काम में जूलियट बिनोचे अभिनीत 2010 का फ्रेंच ड्रामा 'सर्टिफाइड कॉपी' शामिल है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने सोमवार को ट्रुथ पर दावा किया था कि लड़ाई खत्म करने के लिए ईरान के साथ “सकारात्मक बातचीत” जारी है, हालांकि ईरानी अधिकारियों ने इस बात को गंभीरता से न लेने की दरख्वास्त की। मंगलवार को भी स्ट्राइक्स जारी रहीं, जिसमें ईरान ने इजरायल और इराक में सेमी-ऑटोनॉमस कुर्द इलाके को निशाना बनाकर मिसाइलें दागीं। फारस की खाड़ी के देशों ने भी मंगलवार को और ड्रोन और मिसाइल लॉन्च की खबर दी।
इजरायली सेना ने मंगलवार को कहा कि युद्ध शुरू होने के बाद से उसने ईरान के खिलाफ 3,000 से ज्यादा हमले किए हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 3:30 PM IST












