सरकार की सर्वदलीय बैठक को लेकर एनडीए सांसदों ने पीएम मोदी के नेतृत्व को सराहा
नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। पश्चिम एशिया में जारी तनाव और वैश्विक चिंता के बीच केंद्र सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक को एनडीए के नेताओं ने सही बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले ही सब स्पष्ट कर दिया है। जनता के हित में सारे फैसले आने वाले हैं।
भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "मौजूदा हालात में बातचीत ही सबसे बेहतर रास्ता है। पूरी दुनिया खाड़ी देशों की स्थिति को लेकर चिंतित है और शांतिपूर्ण समाधान के लिए संवाद जरूरी है।"
उन्होंने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि भारत सभी संबंधित देशों के संपर्क में है और शांति की दिशा में प्रयास कर रहा है। अग्रवाल ने कहा कि यदि पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ भी बातचीत होती है तो उसका स्वागत किया जाना चाहिए।
सर्वदलीय बैठक को लेकर भाजपा सांसद अरुण गोविल ने विपक्ष के रवैये पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब विपक्ष के कुछ नेताओं का बैठकों में शामिल होने का इरादा ही नहीं होता, तो उनके सवाल उठाने का औचित्य समझ से परे है।
भाजपा सांसद मनन कुमार मिश्रा ने कहा कि वर्तमान समय में पूरा विश्व संकट से गुजर रहा है और ऐसे में भारत सरकार तथा प्रधानमंत्री के नेतृत्व को मजबूत करने की आवश्यकता है। उन्होंने सभी दलों से मिलकर देशहित में निर्णय लेने की अपील की।
वहीं, भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने विपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि विरोध करना उनका काम है, लेकिन युद्ध जैसे संवेदनशील समय में राष्ट्रीय एकता प्रदर्शित करना अधिक महत्वपूर्ण है।
शिवसेना सांसद नरेश म्हस्के ने कहा कि बैठक में पश्चिम एशिया के हालात पर चर्चा होगी और विपक्ष के सुझाव भी लिए जाएंगे। हालांकि, उन्होंने विपक्ष के नेता राहुल गांधी के बैठक में शामिल न होने पर निराशा जताई और आरोप लगाया कि वे केवल बयानबाजी तक सीमित रहते हैं। जहां जनता के हित की बात होती है, वहां से राहुल गांधी गायब रहते हैं।
विपक्ष पर निशाना साधते हुए नरेश ने कहा कि विपक्ष का सिर्फ एक ही काम है, जनता को गुमराह करना। उनको नहीं पता कि अब देश की जनता इनके बहकावे में नहीं आने वाली है। जनता को भी पता है कौन किसके लिए काम कर रहा है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 3:32 PM IST












