दक्षिणेश्वर काली मंदिर के दर्शन के बाद बोले नितिन नवीन, 'मां के आशीर्वाद से बनेगा 'सोनार बंगाल'
कोलकाता, 25 मार्च (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने दो दिवसीय पश्चिम बंगाल दौरे के दौरान ऐतिहासिक दक्षिणेश्वर काली मंदिर में पूजा-अर्चना की और बंगाल सहित पूरे देश के कल्याण की कामना की।
चैत्र नवरात्र के मौके पर मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा, "आज मां काली के दरबार में दर्शन-पूजन का सौभाग्य मिला है। मां हम सभी को आशीर्वाद दें।" उन्होंने बताया कि उन्होंने मां से 'सोनार बंगाल' और 'विकसित बंगाल' बनाने का आशीर्वाद मांगा है।
नितिन नवीन ने पश्चिम बंगाल की मौजूदा स्थिति पर चिंता जताते हुए कहा कि जिस राज्य को उसकी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए जाना जाता है, वही आज बदलाव के दौर से गुजर रहा है। पश्चिम बंगाल की संस्कृति ने पूरे देश को एक सूत्र में बांधा है लेकिन आज यहां ऐसे तत्व सक्रिय हो रहे हैं जो हमारी संस्कृति को नुकसान पहुंचा रहे हैं।
उन्होंने राज्य की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए उनकी सरकार की नीतियों को तुष्टिकरण की राजनीति करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में धार्मिक मामलों को लेकर असमानता देखने को मिल रही है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा, "आज बंगाल में सार्वजनिक रूप से नमाज पढ़ने की अनुमति मिल जाती है, लेकिन मां की पूजा के लिए पंडाल लगाने के लिए हाईकोर्ट से अनुमति लेनी पड़ती है। यह बहुत बड़ा दुर्भाग्य है।"
उन्होंने उम्मीद जताई कि मां काली के आशीर्वाद से राज्य में सकारात्मक बदलाव आएगा और बंगाल फिर से अपनी सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा 'सोनार बांग्ला' और 'विकसित पश्चिम बंगाल' के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।
बता दें कि राज्य की सभी 294 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में मतदान होना है। पहला चरण 23 अप्रैल को होगा, जिसमें 152 सीटों पर वोटिंग होगी। दूसरा चरण 29 अप्रैल को आयोजित किया जाएगा, जिसमें 142 सीटों पर मतदान होगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 3:34 PM IST












