दिग्गज टेलीकॉम कंपनी की बड़ी घोषणा, सुनील भारती मित्तल जुलाई में एयरटेल अफ्रीका के चेयरमैन पद से होंगे रिटायर

दिग्गज टेलीकॉम कंपनी की बड़ी घोषणा, सुनील भारती मित्तल जुलाई में एयरटेल अफ्रीका के चेयरमैन पद से होंगे रिटायर
दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने बुधवार को एक बड़ी घोषणा की कि कंपनी के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल जुलाई 2026 में होने वाली कंपनी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद एयरटेल अफ्रीका के चेयरमैन पद से रिटायर हो जाएंगे।

नई दिल्ली, 25 मार्च (आईएएनएस)। दिग्गज टेलीकॉम कंपनी भारती एयरटेल ने बुधवार को एक बड़ी घोषणा की कि कंपनी के संस्थापक और चेयरमैन सुनील भारती मित्तल जुलाई 2026 में होने वाली कंपनी की वार्षिक आम बैठक (एजीएम) के बाद एयरटेल अफ्रीका के चेयरमैन पद से रिटायर हो जाएंगे।

दूरसंचार कंपनी ने यह भी बताया है कि गोपाल वित्तल को उसी तारीख से एयरटेल अफ्रीका का नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन बनाया जाएगा।

सुनील भारती मित्तल 2019 में कंपनी की लिस्टिंग के बाद से एयरटेल अफ्रीका के चेयरमैन रहे हैं। कंपनी के बोर्ड ने उनके नेतृत्व और योगदान की सराहना की है।

वहीं, गोपाल वित्तल पहले से ही एयरटेल अफ्रीका में नॉन-एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर हैं और टेलीकॉम सेक्टर के अनुभवी नेता माने जाते हैं। उनका चयन कंपनी के बड़े शेयरधारक की सिफारिश पर किया गया है।

इसके अलावा, श्राविन भारती मित्तल को डिप्टी चेयरमैन बनाया जाएगा, जिससे प्रमोटर ग्रुप के साथ निरंतरता बनी रहेगी, और वह बोर्ड, एयरटेल मनी के कामकाज और दुबई स्थित मुख्यालय के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में कार्य करेंगे।

इसके अलावा, अन्निका पौटियानेन जुलाई में एजीएम के बाद बोर्ड से रिटायर हो जाएंगी। वह पिछले सात साल से कंपनी के साथ जुड़ी हुई थीं।

सुनील भारती मित्तल ने कहा कि एयरटेल अफ्रीका का नेतृत्व करना उनके लिए सम्मान की बात रही है और उन्हें कंपनी की रणनीति और नेतृत्व टीम पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि वे चेयरमैन पद से हटें और नई टीम कंपनी को आगे बढ़ाए।

उन्होंने बोर्ड के सहयोग के लिए धन्यवाद दिया और कहा कि कंपनी ने हाल के समय में बेहतर प्रदर्शन किया है, जिससे यह साफ है कि इसकी रणनीति मजबूत है।

कंपनी के सीनियर इंडिपेंडेंट डायरेक्टर त्सेगा गेब्रेयेस ने भी मित्तल के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि मित्तल के नेतृत्व में कंपनी ने अधिग्रहण से लेकर लिस्टिंग तक का सफल सफर तय किया और आज यह एफटीएसई 100 इंडेक्स में शामिल है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   25 March 2026 4:49 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story