आईआरजीसी का दावा, 'होर्मुज में बारूदी सुरंग से टकराकर डूबा जहाज'
लंदन/ तेहरान, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। ईरान की मीडिया में बुधवार को कुछ वीडियो साझा किए गए हैं। इसे लेकर आईआरजीसी (ईरानी रिवोल्यूशनरी गार्ड्स) ने दावा किया है कि एक बारूदी सुरंग से टकराकर मालवाहक जहाज डूब गया। वहीं यूकेएमटीओ ने भी 2 जहाजों पर प्रोजेक्टाइल हमले की जानकारी दी है।
ईरानी मीडिया आउटलेट तस्नीम ने आईआरजीसी के हवाले से बताया है कि मालवाहक जहाज में 2500 कंटेनर थे। कथित तौर पर टक्कर के बाद जहाज में आग लग गई थी। दावा किया जा रहा है कि जंग शुरू होने के बाद यह पहली बार है, जब बारूदी सुरंग से टकराकर कोई जहाज डूबा है।
समाचार एजेंसी आईएसएनए ने फिलहाल जहाज पर कितने लोग सवार थे और इस घटना में किसी की मौत हुई या नहीं, इसको लेकर कुछ भी स्पष्ट नहीं किया है।
आईआरजीसी ने बुधवार को बताया, " जहाज होर्मुज के पास एक ऐसे रास्ते से गुजर रहा था, जिसे इस्तेमाल करने की अनुमति नहीं थी और रास्ता खतरनाक था।" ईरान पिछले कुछ दिनों से लगातार चेतावनी देता रहा है कि अगर कोई जहाज उसकी ओर से तय किए गए रास्ते से हटकर चलेगा, तो उसके नतीजे की जिम्मेदारी उसकी अपनी होगी।
दूसरी ओर यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशन्स (यूकेएमटीओ) ने भी दो टैंकर्स के डूबने की जानकारी दी है। एजेंसी ने बताया है कि मंगलवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में अलग-अलग घटनाओं में दो कमर्शियल जहाजों पर "अज्ञात प्रोजेक्टाइल" से हमला हुआ।
पहली घटना में, 50,000 टन का एक कंटेनर जहाज जलडमरूमध्य में प्रवेश करते समय हमले की चपेट में आ गया। समुद्री सुरक्षा की निगरानी करने वाली एजेंसी के अनुसार, जहाज को मामूली नुकसान पहुंचा, किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, और वह सुरक्षित रूप से अपनी यात्रा जारी रखने में सक्षम रहा।
दूसरी घटना में, 19,000 टन का एक कंटेनर जहाज जलमार्ग से बाहर निकलते समय एक अज्ञात प्रोजेक्टाइल की चपेट में आ गया। एजेंसी ने बताया कि इसे भी मामूली नुकसान पहुंचा, जहाज पर किसी के घायल होने की खबर नहीं है, और उसने अपनी यात्रा जारी रखी।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2026 6:46 PM IST












