मध्य प्रदेश में नवरात्रि पर लाडली बहनों के खातों में 1500-1500 रुपए ट्रांसफर
उमरिया, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की मोहन यादव सरकार ने लाडली बहनों को नवरात्रि पर्व पर योजना की 41वीं किश्त की सौगात दी। सीएम मोहन यादव ने सिंगल क्लिक से राज्य की सवा करोड़ लाडली बहनों के खाते में राशि ट्रांसफर की।
उमरिया के गुरुवाही ग्राम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर आज प्रदेश की 1.25 करोड़ लाडली बहनों को योजना की 41वीं किश्त की सौगात मिली है। राज्य सरकार बहनों के बैंक खातों में हर माह 1500 रुपए की राशि ट्रांसफर कर रही है। मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना की शुरुआत से लेकर अब तक 62 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि भेजी जा चुकी है। हमारी सरकार सच्चा वादा और पक्का काम के भाव से प्रदेश की जनता से किए सभी वादे पूरा करते हुए आगे बढ़ रही है।
उन्होंने सिंगल क्लिक के माध्यम से 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में 41वीं किस्त की 1834 करोड़ की राशि अंतरित की। उन्होंने गैस सिलेंडर रिफिल योजना अंतर्गत 23 लाख से अधिक पात्र हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 115.10 करोड़ की अनुदान राशि अंतरित की। उन्होंने 57 करोड़ की लागत के 68 विकास कार्यों का भूमिपूजन, 87 करोड़ की लागत के 68 विकास कार्यों का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री मोहन यादव ने लाडली बहनों पर पुष्पवर्षा कर उनका भव्य एवं दिव्य अभिनंदन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि प्रदेश की आधी आबादी के कल्याण और सशक्तिकरण के लिए सरकार प्रतिबद्ध है। प्रदेश के एक चौथाई जिलों में हमारी बहनें कलेक्टर की जिम्मेदारी निभा रही हैं। उमरिया में संभागायुक्त और कलेक्टर भी हमारी बहनें हैं। उमरिया जिले के बांधवगढ़ को प्रभु श्रीराम, माता सीता और भगवान श्रीकृष्ण का विशेष आशीर्वाद मिला है। उमरिया में विरासनी देवी का आशीर्वाद लेना सौभाग्य है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकारों में प्रदेश के महिला बाल विकास विभाग का बजट केवल 350 करोड़ रुपए था, लेकिन हमारी सरकार ने 47 हजार करोड़ के बजट का प्रावधान महिला कल्याण के लिए किया है। कांग्रेस ने 55 साल में महिलाओं के लिए सिर्फ साढ़े 25 हजार करोड़ बजट खर्च किया। आज बहनों को लाडली बहना योजना के 1500 रुपए मिले हैं। साथ ही प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के एलपीजी उपभोक्ता और गैर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना श्रेणी में पात्र लाडली बहनों को 450 रुपए के मान से दो माह की गैस रिफिल प्रदाय अनुदान राशि दी गई है।
इसके लिए प्रदेश की 23 लाख से अधिक बहनों को 115 करोड़ रुपए से अधिक राशि भेजी गई है। हमारी सरकार गैस रिफिल अनुदान के रूप में 3 साल में 1600 करोड़ की सहायता बहनों को दे चुकी है। राज्य में लाडली बहना योजना के जून 2023 में लगभग 1.25 करोड़ से अधिक लाभार्थी बहनों को पहली मासिक आर्थिक सहायता राशि भेजी गई थी। अब तक बहनों को 41 किश्तों का भुगतान किया जा चुका है। इसके अलावा, रक्षाबंधन के त्योहार पर लाडली बहनों को 4 बार 250-250 रुपए की विशेष सहायता राशि सगुन के रूप में दी गई।
महिलाओं को लगातार आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए राज्य सरकार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए योजना में 23,882.81 करोड़ रुपए के बजट प्रावधान किया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   14 Oct 2026 7:06 PM IST












