जिन राज्यों में भाजपा और एनडीए की सरकार, वहां यूसीसी लागू करेंगे केशव प्रसाद मौर्य
आजमगढ़, 16 सितंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह द्वारा समान नागरिक संहिता (यूसीसी) को लेकर दिए गए बयान पर जहां विपक्षी दलों ने आपत्ति जताई है तो वहीं यूपी के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने दावा किया है कि जहां एनडीए सरकार होगी वहां यूसीसी लागू करेंगे।
आजमगढ़ में मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूसीसी भारतीय जनता पार्टी का वैचारिक मुद्दा है। अमित शाह ने जो कहा है, वह बिल्कुल सही कहा है। हम इसे उन राज्यों में लागू करेंगे, जहां भाजपा और एनडीए की सरकार है। जिन राज्यों में अभी हमारी सरकार नहीं है, वहां सरकार बनने के बाद इसे लागू किया जाएगा।
यूसीसी पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के रुख पर पलटवार करते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि अखिलेश यादव को यह नहीं पता कि भारतीय जनसंघ की स्थापना और भाजपा के अस्तित्व में आने के समय से ही ये हमारे मुद्दे रहे हैं।
उन्होंने यूपी चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि यहां बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता जमा हुए हैं। हमारा मानना है कि 2027 में जैसा कि हमारे जिलाध्यक्ष कह रहे हैं, हम छक्का मारेंगे और जीतेंगे। अगर हम आजमगढ़ में छक्का मारते हैं तो भाजपा को 300 सीटों का आंकड़ा पार करने और तीसरी बार सरकार बनाने से कोई नहीं रोक पाएगा।
कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर अखिलेश यादव के सवाल पर जवाब देते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि आजमगढ़ के लोगों को अखिलेश यादव और उनके परिवार के बारे में बताने की जरूरत नहीं है। जो सरकार गुंडाराज, जंगलराज, अपराधियों को बचाने, माफिया को बढ़ावा देने और भर्ती माफिया को संरक्षण देने के लिए जानी जाती थी, वही अब ऐसे सवाल उठा रही है। अगर अखिलेश यादव ऐसे सवाल उठाते हैं तो उत्तर प्रदेश की जनता उन पर हंसेगी। उन्हें खुद को मजाक का पात्र नहीं बनाना चाहिए।
उन्होंने पीएम मोदी के जन्मदिन को लेकर दीप जलाने की अपील की।
उन्होंने कहा कि एक दीया शुभकामनाओं का, एक दीया आशीर्वाद का। 17 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस का विशेष अवसर है। जनसेवा की उनकी 25 वर्षों की यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण से जुड़े अनेक महत्वपूर्ण प्रयासों की साक्षी रही है। सभी से आग्रह है कि इस अवसर पर शाम 7 बजे अपने-अपने घरों में ‘आशीर्वाद का दीया’ प्रज्वलित कर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु एवं यशस्वी जीवन की कामना करें।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   16 Sept 2026 7:17 PM IST












