जम्मू बेस कैंप से रवाना हुआ अमरनाथ यात्रियों का सातवां जत्था, सुरक्षा-व्यवस्था के कड़े इंतजाम
जम्मू, 8 जुलाई (आईएएनएस)। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और भक्तिमय वातावरण के बीच बुधवार को अमरनाथ यात्रा के लिए श्रद्धालुओं का सातवां जत्था जम्मू बेस कैंप से रवाना हुआ। यात्रियों में बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर भारी उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने यात्रा की व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों की सराहना करते हुए इसे संतोषजनक बताया।
एक श्रद्धालु ने आईएएनएस से बातचीत के दौरान कहा, "अमरनाथ यात्रा का अवसर केवल बाबा बर्फानी की कृपा से मिलता है।" उन्होंने बताया कि वर्ष 2025 में पहली बार दर्शन करने का अवसर मिला था और अब लगातार दूसरे वर्ष भी बाबा ने बुलाया है। उन्होंने कहा कि अमरनाथ यात्रा उन्हीं श्रद्धालुओं को नसीब होती है, जिन्हें भोलेनाथ का बुलावा आता है।
उन्होंने बताया कि वह वर्ष 2022 से सनातन धर्म के प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से भारत भ्रमण पर हैं। उन्होंने कहा कि उनकी यात्रा में 12 ज्योतिर्लिंग, चार धाम, सात सप्तपुरी, 51 शक्तिपीठ, 108 सिद्धपीठ, पंच कैलाश, पंच केदार, पशुपतिनाथ और अमरनाथ जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन शामिल हैं।
श्रद्धालुओं ने यात्रा के दौरान की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। एक यात्री ने कहा कि पहले यात्रा के दौरान कई बार सुरक्षा कारणों से यात्रा रोकने की खबरें आती थीं, लेकिन अब सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने कहा कि पूरे यात्रा मार्ग पर सुरक्षा बलों की तैनाती है और श्रद्धालु खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने सुरक्षा बलों के जवानों की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनके समर्पण और सतर्कता की वजह से श्रद्धालु निश्चिंत होकर बाबा के दर्शन कर पा रहे हैं।
एक श्रद्धालु ने कहा, "यह बहुत अद्भुत है और जिस तरह से यहां सुरक्षा व्यवस्था है, वह भी बहुत अच्छा है। इसका श्रेय प्रधानमंत्री और सरकार को जाना चाहिए।"
एक अन्य श्रद्धालु ने कहा कि उन्हें उम्मीद थी कि मौसम काफी ठंडा होगा, लेकिन यहां गर्मी महसूस हो रही है। हालांकि, उन्होंने यात्रा प्रबंधन की तारीफ करते हुए कहा कि अधिकारी और कर्मचारी हर कदम पर यात्रियों का मार्गदर्शन कर रहे हैं और आवश्यक जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं।
वहीं, एक महिला श्रद्धालु ने कहा कि यात्रा के दौरान सभी व्यवस्थाएं बहुत अच्छी हैं। उन्होंने बताया कि सेवा, सुविधाएं और सुरक्षा व्यवस्था संतोषजनक है, जिससे सभी श्रद्धालु खुद को पूरी तरह सुरक्षित महसूस कर रहे हैं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   8 July 2026 9:16 AM IST












