जम्मू-कश्मीर पुलिस की शोपियां में बड़ी कार्रवाई, ड्रग्स के धंधे से कमाकर बनाई गई प्रॉपर्टी जब्त
जम्मू-कश्मीर, 9 मार्च (आईएएनएस)। नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जम्मू-कश्मीर पुलिस ने शोपियां में बड़ी कार्रवाई करते हुए ड्रग्स के अवैध कारोबार से अर्जित की गई एक दो मंजिला रिहायशी संपत्ति को जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, यह दोमंजिला मकान खसरा नंबर 243 के तहत दर्ज है। इसकी अनुमानित कीमत 55,21,189 रुपए बताई गई है। यह संपत्ति जरकान केलर क्षेत्र के निवासी गुलाम मोहम्मद खांडे की बताई जा रही है।
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि उक्त संपत्ति अवैध रूप से ड्रग्स और नशीले पदार्थों की बिक्री से अर्जित धन से बनाई गई थी। इसके बाद पुलिस ने कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई करते हुए इस संपत्ति को जब्त कर लिया। यह कार्रवाई एफआईआर संख्या 49/2025 के संबंध में की गई, जो केलर थाने में दर्ज है।
संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया एक विधिवत गठित पुलिस टीम की मौजूदगी में पूरी की गई। इस दौरान एक कार्यकारी मजिस्ट्रेट, स्थानीय लंबरदार और चौकीदार भी मौके पर मौजूद रहे, ताकि सभी कानूनी प्रक्रियाओं और प्रोटोकॉल का पूरी तरह पालन सुनिश्चित किया जा सके।
पुलिस ने कहा कि क्षेत्र में नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार को जड़ से खत्म करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस ने आम जनता से भी अपील की है कि यदि उन्हें ड्रग्स तस्करी या इससे जुड़ी किसी भी गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी ढंग से अंकुश लगाया जा सके।
इससे पहले, जनवरी में पुंछ पुलिस ने सीमा पार से सक्रिय आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई की थी। पुलिस ने न्यायालय के निर्देशों का पालन करते हुए पाकिस्तान स्थित आतंकी सरगना की अचल संपत्ति जब्त कर ली थी।
जानकारी के अनुसार यह कुर्की मंडी पुलिस स्टेशन में ई एंड आईएमसीओ अधिनियम की धारा 2/3 के तहत दर्ज एफआईआर के संबंध में की गई थी। जब्त की गई संपत्ति में खसरा संख्या 491 के अंतर्गत आने वाली 10 कनाल 14 मरला भूमि शामिल है। यह भूमि पुंछ की तहसील मंडी में स्थित है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   9 March 2026 5:06 PM IST












