जमशेदपुरः राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने बीच सड़क पर रुकवाया काफिला, बच्चों को दी चॉकलेट
जमशेदपुर, 26 फरवरी (आईएएनएस)। जमशेदपुर में गुरुवार को आयोजित दो कार्यक्रमों में भाग लेकर एयरपोर्ट के लिए लौट रहीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शहर के बारिडीह इलाके में अचानक अपना काफिला रुकवा दिया और कार से उतरकर लोगों के बीच चली गईं।
उन्होंने सड़क किनारे खड़े लोगों से मिलकर उनका अभिवादन किया। बच्चों के बीच पहुंचकर उन्होंने चॉकलेट बांटीं।
राष्ट्रपति को अपने बीच पाकर वहां मौजूद लोगों में उत्साह की लहर दौड़ गई। शहर के कदमा में कार्यक्रम समाप्त करने के बाद राष्ट्रपति का काफिला निर्धारित मार्ग से होते हुए बारिडीह पहुंचा। मणिपाल टाटा मेडिकल कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में लोग पहले से एकत्र थे। कई लोग हाथों में तिरंगा लिए खड़े थे। महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे घंटों से राष्ट्रपति की एक झलक पाने का इंतजार कर रहे थे। जैसे ही काफिला कॉलेज परिसर से बाहर निकला, भीड़ ने उत्साह के साथ नारे लगाए।
राष्ट्रपति ने अचानक वाहन रोकने का निर्देश दिया। सुरक्षा घेरे के बीच वह गाड़ी से उतरीं और सीधे लोगों की ओर बढ़ीं। उन्होंने हाथ जोड़कर अभिवादन स्वीकार किया और मुस्कुराते हुए लोगों से बातचीत की। करीब डेढ़ सौ कदम तक पैदल चलते हुए उन्होंने बच्चों के बीच चॉकलेट वितरित किए। बच्चे खुशी से झूम उठे और कई अभिभावक इस पल को अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रही, लेकिन आम लोगों से राष्ट्रपति की मुलाकात में कोई बाधा नहीं आने दी गई।
मौके पर मौजूद एक छात्र ने कहा कि राष्ट्रपति को इतने करीब से देखना उसके लिए सपने जैसा है। एक महिला ने बताया कि वह दो घंटे से खड़ी थीं, लेकिन राष्ट्रपति की सादगी और आत्मीयता ने इंतजार की थकान मिटा दी।
दरअसल, राष्ट्रपति मुर्मु जब भी झारखंड आती हैं, वह प्रोटोकॉल से इतर लोगों के साथ भावपूर्ण तरीके से जुड़ जाती हैं।
पिछले साल दिसंबर में एनआईटी जमशेदपुर के 15वें दीक्षांत समारोह में शामिल होने के बाद जब वह सरायकेला से लौट रही थीं, तो उनकी एक झलक पाने के लिए आकाशवाणी चौक पर लोग घंटों से बैरिकेडिंग के पीछे खड़े थे। उस वक्त भी राष्ट्रपति ने प्रोटोकॉल की परवाह किए बिना अपना काफिला रुकवाया था और स्वयं वाहन से उतरकर लोगों के बीच पहुंच गई थीं।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   26 Feb 2026 9:00 PM IST












