जामताड़ा के साइबर गिरोह का भंडाफोड़, क्रेडिट कार्ड ठगी में बीटेक ग्रेजुएट समेत दो गिरफ्तार

जामताड़ा के साइबर गिरोह का भंडाफोड़, क्रेडिट कार्ड ठगी में बीटेक ग्रेजुएट समेत दो गिरफ्तार
शाहदरा साइबर पुलिस स्टेशन ने झारखंड के जामताड़ा से चल रहे एक बड़े साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने झारखंड के धनबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बीटेक ग्रेजुएट भी शामिल है।

नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। शाहदरा साइबर पुलिस स्टेशन ने झारखंड के जामताड़ा से चल रहे एक बड़े साइबर ठग गिरोह का भंडाफोड़ किया है। क्रेडिट कार्ड धोखाधड़ी के मामले में पुलिस ने झारखंड के धनबाद से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक बीटेक ग्रेजुएट भी शामिल है।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने खुद को बैंक अधिकारी बताकर और फर्जी केवाईसी वेरिफिकेशन के दौरान स्क्रीन-शेयरिंग का फायदा उठाकर 50 से ज्यादा लोगों को ठगा है। अनधिकृत क्रेडिट कार्ड ट्रांजेक्शन के जरिए लाखों रुपए के महंगे मोबाइल फोन खरीदे गए।

डीसीपी शाहदरा राजेंद्र प्रसाद मीना ने बताया कि शाहदरा साइबर थाने में तरनजीत सिंह की शिकायत पर ई-एफआईआर नंबर 292/2026 दर्ज की गई थी। शिकायतकर्ता ने बताया कि कुछ लोगों ने खुद को एचडीएफसी बैंक का अधिकारी बताकर केवाईसी अपडेट के बहाने क्रेडिट कार्ड की जानकारी ले ली और 1,39,999 रुपए का मोबाइल जियोमार्ट से खरीद लिया, जो झारखंड के धनबाद के झरिया इलाके में डिलीवर हुआ था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएचओ इंस्पेक्टर विजय कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। टीम में एसआई श्याम बिहारी शरण, एसआई विवेक यादव सहित कई अधिकारी शामिल थे। पुलिस टीम ने झारखंड में चार दिन तक सघन अभियान चलाया।

पुलिस ने डिलीवरी पर्सन की मदद से जाल बिछाया और उसी लोकेशन पर नकली मोबाइल डिलीवरी की व्यवस्था की। आरोपी डिलीवरी लेने पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 24 वर्षीय आफताब अंसारी और 23 वर्षीय अब्दुल मजीद के रूप में हुई, दोनों जामताड़ा जिले के बोरवा गांव के रहने वाले हैं। उनके पास से तीन मोबाइल फोन बरामद हुए हैं, जिनमें व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल सबूत मिले हैं।

जांच में पता चला कि आरोपी फेसबुक सहित सोशल मीडिया पर क्रेडिट कार्ड केवाईसी अपडेट करने में मदद के फर्जी विज्ञापन चलाते थे। विज्ञापन पर क्लिक करने वालों से ऑनलाइन फॉर्म भरवाकर निजी जानकारी ली जाती थी। फिर फोन कॉल पर बैंक अधिकारी बनकर, खासकर 50 साल से अधिक उम्र के लोगों को वीडियो कॉल पर कार्ड डिटेल दिखाने और स्क्रीन शेयर करने के लिए राजी किया जाता था। इससे ओटीपी देखकर जियोमार्ट और फ्लिपकार्ट से महंगे फोन खरीदे जाते थे।

पुलिस के मुताबिक चोरी के फोन को जामताड़ा से दूर झारखंड और पश्चिम बंगाल की अलग-अलग जगहों पर डिलीवर करवाया जाता था और फिर स्थानीय बाजारों में सीलबंद पैक और बिल के साथ कम कीमत पर बेच दिया जाता था, ताकि किसी को शक न हो।

आरोपी आफताब अंसारी बीटेक ग्रेजुएट है और तकनीकी रूप से सक्षम है। पुलिस अब गिरोह के अन्य साथियों, ठगी की कुल रकम और अन्य मामलों से कनेक्शन की जांच कर रही है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story