जमुई में सड़क हादसे में छात्रा की मौत पर बवाल, ग्रामीणों ने पुलिस पर किया पथराव, वाहन क्षतिग्रस्त
जमुई, 11 जून (आईएएनएस)। बिहार के जमुई जिले के खैरा थाना क्षेत्र में गुरुवार को कोचिंग जा रही एक छात्रा के एक डंपर की चपेट में आने से मौत के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने जमकर उत्पात मचाया। लोगों ने इस दौरान थाने पर भी पथराव किया। इसमें कई पुलिसकर्मियों को चोट भी लगने की सूचना हैं। पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त बताए जा रहे हैं।
पुलिस के मुताबिक, बरियारपुर गांव की रहने वाली 9वीं क्लास की छात्रा मुस्कान कुमारी गुरुवार को सुबह कोचिंग जा रही थी। बीच रास्ते में बालू से लदे अनियंत्रित हाइवा ने उसे ठोकर मार दी। इस हादसे में छात्रा की मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया तथा दुर्घटना में शामिल हाइवा वाहन में तोड़फोड़ की। हादसे के कारण क्षेत्र में कई घंटों तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। सड़क जाम होने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। कई यात्रियों को घंटों परेशानी झेलनी पड़ी।
प्रदर्शन कर रहे लोग ने दोषी चालक की तत्काल गिरफ्तारी और मृत छात्रा के परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। लोगों का कहना था कि बाजार क्षेत्र में भारी वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगनी चाहिए।
वहीं, पुलिस जब आक्रोशित लोगों को समझाने की कोशिश की तो लोग और आक्रोशित हो गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने जमकर बवाल काटा। इसके बाद आक्रोशित लोग खैरा थाना पहुंच गए और वहां भी पथराव किया। वहां भी आक्रोशित लोगों ने पुलिस वाहन के शीशे तोड़ डाले।
स्थानीय लोगों का दावा है कि हालात बिगड़ने पर पुलिस ने हवाई फायरिंग भी की। हालांकि इस संबंध में प्रशासन की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। फिलहाल इलाके में अतिरिक्त पुलिस की तैनाती कर दी गई है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया है। पुलिस पूरी स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   11 Jun 2026 3:26 PM IST












