जंगीपुर विधानसभा में सांसद मनोज तिवारी ने किया प्रचार, जनता से डबल इंजन सरकार लाने की अपील
जंगीपुर, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए पहले चरण के चुनाव प्रचार का मंगलवार को आखिरी दिन रहा। सभी राजनीतिक दलों के नेता पूरी ताकत के साथ प्रचार करते दिखाई दिए। भाजपा के सांसद मनोज तिवारी भी जंगीपुर में प्रचार करने पहुंचे और इस दौरान उन्होंने एक गाना भी गाया।
मनोज तिवारी ने जंगीपुर में चुनाव प्रचार के दौरान भाजपा उम्मीदवार को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि जंगीपुर में भाजपा उम्मीदवार जीत रहे हैं। मैं सभी से अपील करता हूं कि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनानी है और डबल इंजन सरकार के साथ काम करना है।
उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की धरती है। वे हमारी पार्टी के संस्थापक हैं। उन्होंने कहा कि हम किसी के खाने पर रोक नहीं लगाते। जिसको जो खाना है, खाए, लेकिन जो लोग गौमाता की हत्या करते हैं, उनकी खैर नहीं है। जो लोग भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, उनके भ्रम में नहीं पड़ना है।
उन्होंने कहा कि हम सभी घुसपैठियों को बर्दाश्त नहीं करेंगे। हर जाति, समाज के हर भारतीय का सम्मान है, यह उनका देश है। मेरी अपील है कि सभी लोग भाजपा के उम्मीदवारों को जिताने के लिए मतदान करें और कमल के फूल वाला बटन दबाएं।
इसके साथ ही मनोज तिवारी ने एक गाना भी गाया, जिसमें उन्होंने लोगों से भाजपा को मतदान करने की अपील की और ममता सरकार को हटाने की बात कही। सांसद ने कहा कि भाजपा सबको साथ लेकर चलेगी। सब कह रहे हैं कि भाजपा आ रही है और टीएमसी जा रही है।
इससे पहले मनोज तिवारी ने चांचल विधानसभा का दौरा किया और टूटी सड़क का एक वीडियो दिखाया और कहा कि यह बंगाल का हाल है। सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क है, पता ही नहीं चल रहा। इसे बदलने के लिए भाजपा को मतदान करें।
बता दें कि मंगलवार को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण के लिए प्रचार का अंतिम दिन रहा। 16 जिलों की 152 सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। चुनाव आयोग ने 48 घंटे पहले से ही ड्राई डे सहित कई सख्त नियम लागू किए हैं।
चुनाव आयोग ने मतदान से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। पहले चरण के लिए 8,000 से अधिक बूथों को अति संवेदनशील घोषित किया गया है। पुलिस समेत केंद्रीय एजेंसियों के जवानों को शांतिपूर्ण मतदान के लिए तैनात किया गया है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2026 8:24 PM IST












