चीन से तनाव के बीच जापान ने 'विशेष दूत' को भेजा बीजिंग

चीन से तनाव के बीच जापान ने विशेष दूत को भेजा बीजिंग
चीन से बढ़ते तनाव के बीच जापान ने सोमवार को अपने वरिष्ठ अधिकारी को बीजिंग भेजा है। टोक्यो को उम्मीद है कि बिगड़े रिश्तों में सुधार आएगा।

टोक्यो, 17 नवंबर (आईएएनएस)। चीन से बढ़ते तनाव के बीच जापान ने सोमवार को अपने वरिष्ठ अधिकारी को बीजिंग भेजा है। टोक्यो को उम्मीद है कि बिगड़े रिश्तों में सुधार आएगा।

क्योदो समाचार एजेंसी ने सोमवार को ही एक वीडियो फुटेज जारी कर बताया कि जापानी विदेश मंत्रालय के एशिया और ओशिनिया ब्यूरो के महानिदेशक मासाकी कनाई अपने समकक्ष लियू जिनसोंग से मिलने के लिए बीजिंग पहुंचे हैं।

जापान टुडे के अनुसार जापान, प्रधानमंत्री साने ताकाइची की उस टिप्पणी की सफाई देना चाहता है जिसमें उन्होंने कहा था कि “ताइवान में संकट का मतलब जापान में संकट है” और जापान "सामूहिक आत्मरक्षा के नाम पर सैन्य कार्रवाई कर सकता है।"

स्थानीय मीडिया के मुताबिक कनाई यह स्पष्ट कर सकते हैं कि ताकाइची की टिप्पणी जापानी सुरक्षा नीति में बदलाव का संकेत नहीं है और वे चीन से ऐसे कार्यों से बचने का आग्रह करेंगे जो टोक्यो और बीजिंग के बीच संबंधों को नुकसान पहुंचा सकते हैं।

जिसके बाद ही चीन ने एडवाइजरी जारी कर अपने नागरिकों को अपने पूर्वी एशियाई पड़ोसी से दूर रहने का आग्रह किया था।

यह विवाद तब शुरू हुआ था जब प्रधानमंत्री साने ताकाइची ने जापानी सांसदों से कहा कि ताइवान पर चीन के हमले से जापान के अस्तित्व को खतरा हो सकता है और सैन्य प्रतिक्रिया हो सकती है। पिछली सरकारों ने इस मुद्दे पर सार्वजनिक रूप से चर्चा करने से परहेज किया है ताकि बीजिंग को भड़काया न जाए, जो इस स्वशासित द्वीप पर अपना दावा करता है।

ताइवान जापान के सबसे पश्चिमी द्वीपों से लगभग 110 किलोमीटर दूर और उन महत्वपूर्ण समुद्री मार्गों के पास स्थित है जिन पर टोक्यो तेल और गैस की आपूर्ति के लिए निर्भर है।

जापान टाइम्स के मुताबिक जापान के मुख्य कैबिनेट सचिव मिनोरू किहारा ने एक नियमित प्रेस ब्रीफिंग में कनाई की कथित चीन यात्रा के बारे में पूछे जाने पर कहा, "बातचीत के विभिन्न माध्यम खुले हैं।"

उन्होंने कहा, "हमने चीनी पक्ष से उचित कदम उठाने का अनुरोध किया है।"

हालांकि, चीनी विदेश मंत्रालय का रुख थोड़ा उदासीन ही है। मंत्रालय ने कहा था कि चीनी प्रधानमंत्री ली कियांग की इस सप्ताह दक्षिण अफ्रीका में होने वाले जी-20 शिखर सम्मेलन के दौरान ताकाइची से मिलने की कोई योजना नहीं है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   17 Nov 2025 8:11 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story