जेईई मेन 2027 एनटीए ने शुरू की सेशन-1 की आवेदन प्रक्रिया, उम्मीदवारों के लिए अहम निर्देश जारी

जेईई मेन 2027 एनटीए ने शुरू की सेशन-1 की आवेदन प्रक्रिया, उम्मीदवारों के लिए अहम निर्देश जारी
संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेन 2027 (सत्र-1) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन (सेशन-1) की आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के साथ पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में उम्मीदवारों के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं।

नई दिल्ली, 29 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त प्रवेश परीक्षा (जेईई) मेन 2027 (सत्र-1) की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण खबर सामने आई है। दरअसल, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन (सेशन-1) की आवेदन प्रक्रिया शुरू करने के साथ पंजीकरण प्रक्रिया के संबंध में उम्मीदवारों के लिए अहम निर्देश जारी किए हैं।

एनटीए ने आवेदन करने वाले उम्मीदवारों को कुछ बातों का खास तौर पर ध्यान देने की सलाह दी है। एनटीए ने अभ्यर्थियों को फॉर्म भरने से पहले तीन बातें सुनिश्चित करने को कहा है, जिसमें पंजीकरण प्रक्रिया के दौरान केवल अपने निजी डिजिलॉकर/जनपरिचय क्रेडेंशियल्स का उपयोग करने, आवेदन से पूर्व डिजिलॉकर री-केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने और नाम एवं जन्मतिथि 10वीं के प्रमाणपत्र के अनुसार ही भरने की सलाह दी है।

इसके अतिरिक्त, एनटीए ने आवेदकों से कहा कि वे समय रहते सावधानीपूर्वक आवेदन करें और अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखें।

एनटीए, जेईई मेन 2027 का आयोजन दो सत्रों में करेगी। पहला सत्र जनवरी 2027 और दूसरा सत्र अप्रैल 2027 में आयोजित किया जाएगा। वहीं, जेईई (मुख्य) 2027 (सत्र 1) की परीक्षा के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 24 अक्टूबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 22 नवंबर की रात 11.50 तक तय की गई है।

छात्र एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। जो अभ्यर्थी 24 अक्टूबर से 22 नवंबर तक अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी नहीं कर सकेंगे, वे विलंब शुल्क 500 रुपए देकर 23 नवंबर से 26 नवंबर की रात 11.50 बजे तक अपनी पंजीकरण प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।

वहीं, जिन अभ्यर्थियों से आवेदन पत्र भरते समय कुछ गलती हो जाएगी, उनके लिए फॉर्म में सुधार की विंडो 27 नवंबर से 29 नवंबर की रात 11.50 बजे तक सक्रिय रहेगी।

एनटीए की ओर से सिटी इंटिमेशन स्लिप 30 दिसंबर और एडमिट कार्ड 13 जनवरी 2027 को आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे।

जेईई मेन 2027 (सेशन-1) 20, 21, 22, 23, 24 और 28 जनवरी को कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) मोड में 13 भाषाओं (अंग्रेजी, हिंदी, असमिया, बंगाली, गुजराती, कन्नड़, मलयालम, मराठी, उड़िया, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू) में आयोजित किया जाएगा। परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित होगी। पहली शिफ्ट सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 बजे से शाम 6 बजे तक आयोजित की जाएगी।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :  

Tags

Next Story