यरुशलम में कैथोलिक नन पर हमले की स्पेन ने की निंदा, उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग

यरुशलम में कैथोलिक नन पर हमले की स्पेन ने की निंदा, उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग
स्पेन के विदेश मंत्रालय ने यरुशलम में एक फ्रांसीसी कैथोलिक नन पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की। साथ ही इजरायल से उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की बात कही।

नई द‍िल्‍ली, 2 मई (आईएएनएस)। स्पेन के विदेश मंत्रालय ने यरुशलम में एक फ्रांसीसी कैथोलिक नन पर हुए हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों को न्याय के कटघरे में लाने की मांग की। साथ ही इजरायल से उपासना की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की बात कही।

स्पेन के विदेश मंत्रालय ने आध‍िकार‍िक सोशल मीड‍िया अकाउंट 'एक्‍स' पर पोस्‍ट साझा करते हुए ल‍िखा, ''स्पेन की सरकार यरुशलम में एक फ्रांसीसी कैथोलिक नन पर हुए गंभीर हमले की कड़ी निंदा करती है। स्पेन पीड़ित के प्रति अपनी एकजुटता व्यक्त करता है और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता है। इस अपराध के दोषी को अवश्य ही न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।''

पोस्‍ट में ल‍िखा, ''इजरायल को उपासना की स्वतंत्रता की गारंटी देनी चाहिए, यरुशलम में यथास्थिति का सम्मान करना चाहिए और हिंसा की ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।''

वहीं, इजरायल के विदेश मंत्रालय ने इसे 'शर्मनाक कृत्य' बताते हुए इसकी निंदा की है। घटना माउंट सियोन की है। जो यहूदी लोगों द्वारा राजा डेविड की कब्र के रूप में पूजनीय स्थल और सिनेकल के पास स्थित है, जिसे ईसाई पारंपरिक रूप से अंतिम भोज का स्थल मानते हैं।

घटना के अनुसार, वायरल वीड‍ियो में एक व्यक्ति सड़क पर चल रही नन के पीछे से दौड़कर आया और उसे धक्का दे द‍िया। धक्‍का लगते ही नन ग‍िर पड़ी; गनीमत रही क‍ि उसका स‍िर पास ही बने सीमेंट के ब्‍लॉक से नहीं टकराया। हमलावर धक्‍का देकर वापस जाने लगा, फ‍िर अगले ही पल वापस आया और जमीन पर ग‍िरी नन को लात मारने लगा। इतने में वहां मौजूद राहगीर नन के बचाव में आगे आ गया।

नन के चेहरे पर मामूली खरोंच आई थी, लेकिन उन्हें गंभीर चोट नहीं आई थी। इजरायली पुलिस ने बताया कि उन्होंने 36 वर्षीय एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है।

यरुशलम में स्थित फ्रेंच स्कूल ऑफ बाइबिल एंड आर्कियोलॉजिकल रिसर्च के निदेशक, फादर ओलिवियर पोक्विलन ने बताया क‍ि पीड़ित नन स्कूल में एक शोधकर्ता है।

अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|

Created On :   2 May 2026 9:45 PM IST

Tags

और पढ़ेंकम पढ़ें
Next Story