झारखंड में बिजली दरों में बढ़ोतरी, शहरी घरेलू उपभोक्ताओं को अब प्रति यूनिट 7.40 रुपए चुकाने होंगे
रांची, 25 मार्च (आईएएनएस)। झारखंड में बिजली की दरों में औसतन 6.12 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। झारखंड राज्य विद्युत नियामक आयोग ने बुधवार को बिजली की नई दरों की घोषणा कर दी। नई दरें एक अप्रैल से लागू होंगी और 31 मार्च 2027 तक प्रभावी रहेंगी।
आयोग की ओर से घोषित नए टैरिफ के मुताबिक शहरी क्षेत्रों के घरेलू उपभोक्ताओं को अब प्रति यूनिट बिजली के लिए 7.40 रुपए का भुगतान करना होगा, जबकि पहले यह दर 6.85 रुपए थी। इसी तरह ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं के लिए बिजली दर 6.70 रुपए से बढ़ाकर 7.20 रुपए प्रति यूनिट कर दी गई है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि किसी भी श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए फिक्स मीटर चार्ज में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। झारखंड राज्य विद्युत वितरण निगम लिमिटेड (जेबीवीएनएल) ने दरों में 59 प्रतिशत तक वृद्धि का प्रस्ताव दिया था, लेकिन नियामक आयोग ने राज्य के पांचों प्रमंडलों में जनसुनवाई की प्रक्रिया पूरी करने के बाद औसतन 6.12 प्रतिशत वृद्धि को मंजूरी दी है।
नए टैरिफ में अलग-अलग श्रेणियों के उपभोक्ताओं के लिए 50 पैसे से 80 पैसे प्रति यूनिट तक की वृद्धि की गई है। शहरी व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए दर 6.70 रुपए से बढ़ाकर 7.30 रुपए प्रति यूनिट कर दी गई है, जबकि ग्रामीण व्यावसायिक उपभोक्ताओं के लिए यह दर 6.20 रुपए से बढ़ाकर 6.70 रुपए प्रति यूनिट की गई है।
औद्योगिक लो टेंशन उपभोक्ताओं के लिए दर 6.10 रुपये से बढ़ाकर 6.60 रुपए और औद्योगिक इकाइयों के लिए 5.90 रुपए से बढ़ाकर 6.40 रुपए प्रति यूनिट कर दी गई है। घरेलू एचटी उपभोक्ताओं के लिए बिजली दर 6.40 रुपए से बढ़ाकर 7.20 रुपए प्रति यूनिट कर दी गई है, जबकि स्ट्रीट लाइट के लिए यह दर 7.00 रुपए से बढ़ाकर 7.60 रुपए प्रति यूनिट निर्धारित की गई है। स्पेशल सर्विस और अन्य श्रेणियों में भी दरों में आंशिक वृद्धि की गई है।
आयोग के मुताबिक, समय पर बिल भुगतान करने वाले उपभोक्ताओं को 2 प्रतिशत तक की छूट देने का प्रावधान भी जारी रखा गया है। प्रीपेड मीटर अपनाने वाले उपभोक्ताओं को ऊर्जा शुल्क पर 3 प्रतिशत की अतिरिक्त छूट मिलेगी और उनकी सिक्योरिटी डिपॉजिट भी वापस की जाएगी।
कृषि उपभोक्ताओं के लिए बिजली दरों में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है। वहीं इलेक्ट्रिक वाहन चार्जिंग को बढ़ावा देने के लिए सौर घंटों में बिजली दर 7.31 रुपए से घटाकर 7 रुपये प्रति यूनिट कर दी गई है।
गौरतलब है कि इससे पहले भी राज्य में बिजली दरों में वृद्धि की गई थी। हालांकि, इस बार बढ़ोतरी अपेक्षाकृत सीमित रखी गई है।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   25 March 2026 6:21 PM IST












