झारखंड सीएम हेमंत सोरेन ने 299 नवनियुक्त सीडीपीओ और महिला पर्यवेक्षिकाओं को सौंपे नियुक्ति पत्र
रांची, 21 अप्रैल (आईएएनएस)। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड मंत्रालय में आयोजित समारोह में महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के तहत नवनियुक्त कर्मियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इस दौरान 62 बाल विकास परियोजना पदाधिकारियों (सीडीपीओ) और 237 महिला पर्यवेक्षिकाओं को नियुक्ति पत्र दिया गया।
सीएम ने कहा कि लंबे समय बाद बड़े पैमाने पर इस तरह की नियुक्तियां हुई हैं, जो राज्य के लिए अहम कदम है। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी नवनियुक्त कर्मी पूरी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ अपने दायित्व निभाएंगे और विभागीय योजनाओं को जमीनी स्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाएंगे।
उन्होंने कहा कि राज्य के समग्र विकास में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और यह नियुक्ति खास तौर पर महिलाओं से जुड़े मुद्दों को ध्यान में रखकर की गई है।
मुख्यमंत्री ने कुपोषण को गंभीर समस्या बताते हुए कहा कि इसे खत्म करने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। उन्होंने नवनियुक्त कर्मियों से आह्वान किया कि वे इस दिशा में सक्रिय भूमिका निभाएं, ताकि राज्य को कुपोषण मुक्त बनाया जा सके।
सीएम ने यह भी कहा कि झारखंड के कई दूरदराज इलाकों में अब भी बुनियादी सुविधाओं की कमी है, ऐसे क्षेत्रों तक योजनाओं की पहुंच सुनिश्चित करना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर समन्वय और जवाबदेही पर जोर देते हुए कहा कि इससे योजनाओं के क्रियान्वयन में पारदर्शिता आएगी और लोगों तक लाभ तेजी से पहुंचेगा।
प्रशासनिक पारदर्शिता पर जोर देते हुए सीएम ने अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए कनेक्टिविटी जरूरी है, इसी उद्देश्य से विभाग की प्रखंड एवं ग्रामीण स्तरीय महिला कर्मियों को मोबाइल फोन और टैब प्रदान किए गए हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि महिलाएं न केवल अपने परिवार, बल्कि समाज और राज्य के विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने चयनित अभ्यर्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें बधाई दी।
इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मुख्य सचिव अविनाश कुमार, महिला एवं बाल विकास विभाग के सचिव उमा शंकर सिंह, निदेशक किरण कुमार पासी सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और नवनियुक्त अभ्यर्थियों के परिजन उपस्थित थे।
अस्वीकरण: यह न्यूज़ ऑटो फ़ीड्स द्वारा स्वतः प्रकाशित हुई खबर है। इस न्यूज़ में BhaskarHindi.com टीम के द्वारा किसी भी तरह का कोई बदलाव या परिवर्तन (एडिटिंग) नहीं किया गया है| इस न्यूज की एवं न्यूज में उपयोग में ली गई सामग्रियों की सम्पूर्ण जवाबदारी केवल और केवल न्यूज़ एजेंसी की है एवं इस न्यूज में दी गई जानकारी का उपयोग करने से पहले संबंधित क्षेत्र के विशेषज्ञों (वकील / इंजीनियर / ज्योतिष / वास्तुशास्त्री / डॉक्टर / न्यूज़ एजेंसी / अन्य विषय एक्सपर्ट) की सलाह जरूर लें। अतः संबंधित खबर एवं उपयोग में लिए गए टेक्स्ट मैटर, फोटो, विडियो एवं ऑडिओ को लेकर BhaskarHindi.com न्यूज पोर्टल की कोई भी जिम्मेदारी नहीं है|
Created On :   21 April 2026 7:35 PM IST












