- Home
- /
- राज्य
- /
- महाराष्ट्र
- /
- बीड
- /
- तलवाडा गांव में 5 हजार की रिश्वत...
एसीबी की कार्रवाई: तलवाडा गांव में 5 हजार की रिश्वत लेते ग्रामसेवक रंगेहाथ गिरफ्तार, सहायक अभियंता 18 हजार की रिश्वत लेते धराया

Beed News. गेवराई तहसील के तलवाडा गांव के ग्रामसेवक सोपान मुसले को 5 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी), जालना ने रंगेहाथ गिरफ्तार किया। जानकारी के अनुसार, चालू पीटीआर (प्रॉपर्टी टैक्स रजिस्टर) उपलब्ध कराने के बदले आरोपी ने शिकायतकर्ता से 10 हजार रुपये की मांग की थी। शिकायतकर्ता को काम के लिए पीटीआर की आवश्यकता थी, लेकिन रिश्वत देने की इच्छा न होने पर उसने एसीबी में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने गेवराई शहर में जाल बिछाया। इस दौरान समझौते के तहत 5 हजार रुपये देने का तय हुआ। जैसे ही ग्रामसेवक ने रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद टीम ने उसे मौके पर ही हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया। मामले में गेवराई पुलिस थाने में प्रकरण दर्ज किया गया है।
सहायक अभियंता 18 हजार की रिश्वत लेते गिरफ्तार
उधर आष्टी में महावितरण विभाग की सहायक अभियंता कोमल अर्जुन शिंदे को 18 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़ा। यह कार्रवाई 21 अप्रैल की दोपहर की गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने सोलर ऊर्जा सेट लगवाने के बाद उसके ऑडिट और फंड जारी करने के लिए संबंधित अधिकारी द्वारा 18 हजार रुपये की मांग किए जाने की शिकायत एसीबी से की थी।शिकायत की जांच के बाद एसीबी ने जाल बिछाया। मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही सहायक अभियंता ने रिश्वत की राशि स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक सोपान चितमपल्ले के मार्गदर्शन में अधिकारियों खरसाडे, बीडकर और पुरी ने अंजाम दी। मामले में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जिले में लगातार बढ़ रही रिश्वतखोरी की घटनाओं से नागरिकों में नाराजगी देखी जा रही है।
Created On :   21 April 2026 7:59 PM IST












